आप ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा भ्रष्टाचार छिपाने के लिए की गई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने शिक्षा विभाग के निदेशक संजय सिंह का अचानक तबादला कर दिया है। एमसीडी प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई शिक्षा विभाग में वरिष्ठता सूची, प्रिंसिपल प्रमोशन और शिक्षकों के तबादले में गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद की गई है। इन आरोपों को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा, भाजपा ने अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए शिक्षा निदेशक का तबादला किया है। भाजपा और शिक्षा विभाग की मिलीभगत से हो रहे घोटालों को आप लगातार उजागर करती रही है। उनके दबाव में आकर भाजपा ने निदेशक को हटाया, लेकिन अब आयुक्त को जांच कर दोषियों को जेल भेजना चाहिए।
नारंग ने दावा किया कि शिक्षा विभाग ने 1995 से 2002 तक की वरिष्ठता सूची में गंभीर गड़बड़ियां कीं। प्रमोशन सूची बनाते समय कई जगह अंक खाली छोड़ दिए गए और एससी वर्ग के शिक्षकों की उपेक्षा की गई। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानांतरण नीति में धांधली कर पर्ची के आधार पर फैसले लिए गए और 50 शिक्षकों के तबादलों में 25 लोग स्थानांतरण नहीं चाहते थे, फिर भी जबरन उनका तबादला कर दिया गया। इनमें कैंसर और गंभीर बीमारी से जूझ रहे शिक्षक भी थे। यहां तक कि जिनका हाल ही में ट्रांसफर हुआ था, उनका दोबारा तबादला कर दिया गया।