एमसीडी चुनाव में वैसे तो 250 वार्डों में कड़े मुकाबले की आसार हैं, लेकिन रोचक मुकाबला करीब 20 वार्ड में दिखेगा। इस सीटों पर तीन प्रमुख दलों के दिग्गज नेता चुनावी मैदान में हैं। इनके सामने पार्टी को जीत दिलाने के साथ अपनी साख बचाने की भी चुनौती है।
कांग्रेस ने भाजपा-आप को दलित और गरीब विरोधी करार दिया
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को फ्लैट देने के मामले में भाजपा व आम आदमी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दोनों दल एमसीडी चुनाव के मद्देनजर फर्जी घोषणाएं कर रही है।
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने बृहस्पतिवार को प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के वचन पत्र को दिखाते हुए कहा कि एमसीडी चुनाव पूरे देश का नहीं है, बल्कि दिल्ली नगर निगम का है, लेकिन भाजपा अपने वचन पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा रखी है। उन्होंने कहा कि पिछले दस साल में तीनों नगर निगम में भाजपा के 30 पार्षदों को महापौर बनने का अवसर मिला।
एमसीडी में आने पर आप सरकार ‘बी इंडियन अडॉप्ट इंडियन’ मुहिम चलाएगी
आम आदमी पार्टी ने ऐलान किया है कि एमसीडी में उसकी सरकार बनने के बाद बी इंडियन अडॉप्ट इंडियन की मुहिम चलाई जाएगी। इसके तहत बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान करना है। अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी चुनाव के लिए 10 गारंटियों में इन पशुओं की ओर से खास तौर पर ध्यान दिया है।
पार्टी कार्यालय में बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गो माता कूड़े के खत्तों से कूड़ा खाती नजर आती है। आप सरकार उन्हें आधुनिक गोशालाओं में रखेगी और अच्छा आहार देगी। बंदरों की बड़ी शिकायत है। आप सरकार बंदरों को नेचुरल हैबिटेट में रखेगी और खाने के लिए आहार देगी, जिससे उन्हें अपने नेचुरल हैबिटेट से बाहर न जाना पड़े। दिल्ली में बेसहारा कुत्तों की भी बड़ी समस्या है। इन कुत्तों के लिए एनजीओ के साथ मिलकर रहने और खाने का इंतजाम किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अरविंद केजरीवाल की गारंटी है। वह वचन पत्र जारी करती है, जिसको अगले साल वह शपथ पत्र बना देगी और उसके अगले साल उसे कोई नया पत्र बना देंगे। दिल्ली व पंजाब जनता को मालूम है कि केजरीवाल अपनी गारंटी पूरी करते है। उन्हीं कारणों में से एक गारंटी है कि दिल्ली में बेसहारा पशुओं की एक बड़ी समस्या का समाधान करना है।उन्होंने कहा कि वह अभियान की शुरुआत का ऐलान कर रहे है। सरकार आएगी तो इसको आगे बढ़ाया जाएगा।
व्यापारियों के लिए आम आदमी पार्टी अलग से घोषणा पत्र जारी करेगी
एमसीडी चुनाव को लेकर आप की ट्रेड विंग सक्रिय हो गई है। व्यापारियों में पैठ बढ़ाने के लिए 100 से अधिक बैठक करने की रणनीति तैयार की गई है। व्यापारियों के मुद्दे पर अलग से घोषणा पत्र जारी होगा। एमसीडी चुनाव को लेकर आप ट्रेड विंग दिल्ली की हर मार्केट में 2 से 5 बैठकें करेंगी। इनमें मुख्य रूप से खारी बावली, नया बाजार, भागीरथ पैलेस, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, कश्मीरी गेट, करोल बाग, कमला नगर, राजौरी गार्डन, लाजपत नगर, कनॉट प्लेस, नेहरू प्लेस, रोहिणी, शाहदरा और पीतमपुरा का मार्केट शामिल हैं।