दिल्ली एमसीडी चुनाव 2022 (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए शंखनाद हो चुका है। चुनाव के लिए 7 नवंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 14 नवंबर है। चुनाव आयोग ने नामांकन प्रक्रिया के लिए 68 रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए हैं। इसके साथ ही 250 असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर भी नियुक्त किए गए हैं।
निर्वाचन कार्यालयों में प्रत्याशी नामांकन करेंगे। इससे पहले रविवार को निर्वाचन कार्यालयों में नामांकन की तैयारी की गईं। सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही प्रत्याशियों के बैठने की भी व्यवस्था की गई। नामांकन का कार्य सात से 14 नवंबर तक चलेगा। नामांकन पर्चों की जांच 16 नवंबर को की जाएगी और 19 नवंबर तक नामांकन से नाम वापस लिया जा सकता है।
चुनाव आयोग ने 11 जिलों के डीएम को डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर बनाया है। नामांकन की प्रक्रिया सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगी। नामांकन के दौरान सेंटर से 100 मीटर की दूरी तक रोड शो की इजाजत नहीं है।
4 नवबंर को दिल्ली नगर निगम के चुनाव का ऐलान हो चुका है। एकीकृत नगर निगम के चुनाव चार दिसंबर और मतगणना सात दिसंबर को होगी। चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू हो जाएंगे जो 14 नवंबर तक चलेगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गई है।