-आईएफएसओ ने कॉल सेंटर एवीएस हॉलिडेज़ के कार्यालय पर मारा छापा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) ने एविएशन रिफंड धोखाधड़ी में शामिल अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर के मास्टरमाइंड और निदेशक कीर्ति नगर निवासी अक्षय शर्मा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी फ्लाइट बुकिंग और रिफंड की आड़ में अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा के विदेशी नागरिकों के साथ ठगी कर रहा था। जालसाजों ने अवैध रूप से एयरलाइन रिफंड हासिल करने के लिए जाली मृत्यु और मेडिकल प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किया। कॉल सेंटर से 36 लैपटॉप, 6 मोबाइल फोन और 4 हार्ड ड्राइव बरामद हुए हैं।
आईएफएसओ के पुलिस उपायुक्त अमित कौशिक ने बताया, खुफिया जानकारी मिली थी कि कीर्ति नगर से संचालित एवीएस हॉलिडेज़ संगठित साइबर धोखाधड़ी में लिप्त है। आरोपियों ने फ्लाइट बुकिंग और कैंसिलेशन सेवाओं के लिए भ्रामक विज्ञापनों के लिए सोशल मीडिया और सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन तकनीकों सहित ऑनलाइन विज्ञापन प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल किया। पीड़ितों के नाम पर टिकट जारी होने के बाद, गिरोह बाद में ग्राहकों का रूप धारण करके धोखाधड़ी से रद्दीकरण प्रक्रिया शुरू कर देता था। उन्होंने पूरा रिफंड हासिल करने के लिए एयरलाइनों को जाली दस्तावेज, जिसमें फर्जी मृत्यु और मेडिकल प्रमाण पत्र शामिल थे, जमा कराते थे। पीड़ित को मामूली रकम दे दी जाती थी। जांच के बाद एवीएस हॉलिडेज़ के कार्यालय पर टीम ने 24 जून को छापा मारा।