दमकल विभाग की 30 गाड़ियां ने पाया काबू, मिनी रोबोट भी मौजूद रहा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के कंझावला औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक आरओ फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में आग ने पूरी फैक्टरी को चपेट में ले लिया और इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। दमकल की 30 गाड़ियां और एक मिनी रोबोट को मौके पर भेजा गया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। अधिकारियों के अनुसार, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी में सुबह लगभग 9:50 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकलकर्मियों की कई टीम मौके पर भेजी गईं। मौके पर पहुंचे दमकल अधिकारियों को पता चला कि आग चार मंजिला इमारत में बनी आरओ बनाने वाली फैक्टरी में लगी। आग की लपटें बढ़ने के बीच और अधिक दमकल गाड़ियां भेजी गईं। उन्होंने बताया कि दमकल की कुल 30 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं जिनमें तीन बड़े फोम टैंकर, दो बहुउद्देशीय वाहन, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, एक घटना प्रतिक्रिया वाहन और एक अग्नि नियंत्रण संचार वाहन शामिल रहे। धुएं से भरे परिसर के अंदर अभियान चलाने में सहायता के लिए एक मिनी रोबोट को भी मौके पर भेजा गया।