शताब्दी, श्री शक्ति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से खुलीं
नई दिल्ली। होलंबी कला के नजदीक ओवर हेड वॉयर में खराबी के कारण दोपहर करीब पौने दो से रात आठ बजे तक दिल्ली-अंबाला ट्रैक पर कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। ट्रेनों का संचालन ठप होने से नई दिल्ली स्टेशन पर इस मार्ग की ओर जाने वाली ट्रेनों की कतार लग गई। पंजाब जाने वाली जन शताब्दी ट्रेन दोपहर ढाई बजे से सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर रात 8 बजे तक खड़ी रही। इससे नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।
चंडीगढ़ शताब्दी ट्रेन नई दिल्ली के प्लेटफार्म नंबर एक पर घंटों खड़ी रही है। ट्रेन की हो रही देरी की शिकायत यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधक को भी की। इसके अलावा लंबी दूरी की श्री माता वैष्णो देवी जाने वाली श्री शक्ति एक्सप्रेस, कालका शताब्दी, अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन भी देरी से खुली। रात साढ़े आठ के बाद ही ओएचई ठीक होने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
शनिवार दोपहर दिल्ली-पानीपत रूट पर चलने वाली मेमू ट्रेन के ओवर हेड वॉयर के दो पेंटो टूट जाने से इस रूट पर ट्रेन सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई। पेंटो के टूटने के कारण 64533 दिल्ली-पानीपत मेमू ट्रेन ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। इसके कारण दिल्ली-अंबाला रूट की कई ट्रेनों का संचालन निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा दिल्ली से पानीपत जाने वाली एक और ईएमयू ट्रेन को रद्द कर दिया गया। साथ ही ट्रेन संख्या 64453 दिल्ली-पानीपत, ट्रेन संख्या 54303 दिल्ली-अंबाला और दिल्ली-कालका एक्सप्रेस रद्द कर दी गई।