प्रदूषण की वास्तविक स्थिति छिपाने की कोशिश की जा रही
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों में कथित हेराफेरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगरानी केंद्रों के सेंसर पर पानी का छिड़काव कर प्रदूषण की वास्तविक स्थिति को छिपाने की कोशिश की जा रही है। इससे लोगों को हवा की गुणवत्ता को लेकर गलत जानकारी मिल रही है और उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपनी पोस्ट में भारद्वाज ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसके संभावित गंभीर असर को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी एप पर एक्यूआई सुरक्षित दिखाई दे तो 65 साल के बुजुर्ग भी बेफिक्र होकर सुबह की सैर पर निकल सकते हैं, जबकि वास्तविकता में हवा में पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म और हानिकारक प्रदूषक मौजूद हो सकते हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि प्रदूषित हवा में सांस लेने से बुजुर्गों को हृदय संबंधी गंभीर समस्याओं का खतरा हो सकता है। भारद्वाज ने कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों में हेराफेरी केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं है, बल्कि यह लोगों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने सरकार से आंकड़ों के फर्जीवाड़े पर रोक लगाने और प्रदूषण की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने की मांग की।