फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रॉपर्टी विवाद में की छोटे भाई और उसकी पत्नी की हत्या, गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रॉपर्टी विवाद में छोटे भाई और उसकी पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी दोनों के शव को टेंपो में डालकर रोहतक ठिकाने लगा आया। छोटे भाई के मासूम बच्चे अपने माता-पिता के बारे में ताऊ से पूछते तो वह उन्हें टाल देता। बच्चों ने माता-पिता के गायब होने की बात जब बुआ को बताई तो सारा भेद खुल गया। आरोपी श्रीभगवान (45) को गिरफ्तार कर रोहतक के अलग-अलग स्थानों से शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, डंडा, ईंट और टेंपो बरामद कर लिया है। पुलिस एक दिन की रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन

बाहरी दिल्ली के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को फ्रेंडस एंक्लेव निवासी राजेश लाकड़ा उर्फ राजू (40) और उसकी पत्नी रुचि (35) के गायब होने की शिकायत मुंडका थाने में दर्ज कराई गई थी। राजू की बहन सुशीला और 12 साल की बेटी ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने फौरन दोनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने जब राजू के बड़े भाई श्रीभगवान से पूछताछ की तो उन्हें शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने छोटे भाई और उसकी पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि 16 अक्तूबर को उसने छोटे भाई और उसकी पत्नी की हत्या करने के बाद उनके शव रोहतक जाकर फेंक दिए थे।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छोटा भाई राजू शराब पीकर झगड़ा करता था। शुक्रवार 16 अक्तूबर को भी वह बाहर किसी से झगड़ा कर लौटा था। देर रात वह उससे झगड़ा करने लगा। गुस्से में उसने लोहे की रॉड, डंडे और ईंट से वारकर उसकी हत्या कर दी। राजू की पत्नी बचाने के लिए आई तो उसकी भी हत्या कर दी। बाद में अपने चालक से टेंपो मंगाकर शव टेंपो में डालकर रोहतक ले जाकर अलग-अलग जगह ठिकाने लगा दिया। मंगलवार को रोहतक पुलिस ने रुचि का शव बरामद कर लिया था। जबकि बुधवार को राजू का शव रोहतक से शव बरामद कर लिया गया। बुधवार को रुचि और बृहस्पतिवार को राजू के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया गया। बृहस्पतिवार को राजू को कोर्ट में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर पूछताछ की गई।
विज्ञापन

300 गज के प्लॉट को लेकर होता था झगड़ा
श्रीभगवान का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। वह मिनी टेंपो चलवाता है। जबकि राजू फिलहाल कुछ नहीं करता था। राजू के परिवार में पत्नी रुचि के अलावा तीन बच्चे हैं। श्रीभगवान 300 गज के प्लॉट पर फ्लैट बनवाना चाहता था, लेकिन राजू इसके लिए तैयार नहीं था। अक्सर दोनों भाइयों में झगड़ा होता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसी वजह से ही श्रीभगवान ने वारदात को अंजाम दिया।
बॉलीवुड फिल्म दृश्यम देखकर शवों को लगाया ठिकाने
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने फिल्म दृश्यम देखकर वारदात की साजिश रची थी पुलिस का दावा है कि आरोपी श्रीभगवान की पत्नी व परिवार के बाकी लोगों को हत्याकांड का पता था, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। हत्या करने के बाद उसने अपना मोबाइल घर के पास ही एक पत्थर के नीचे रख दिया और रोहतक चला गया। वहां पहचान के सारे कागजात व निशानी मिटाकर अलग-अलग स्थान पर शव फेंक दिए। वारदात के बाद घर पहुंचकर टेंपो और घर को धोया। इसके बाद बच्चों के पूछने पर आरोपी उनके माता-पिता के जल्द आने की बात करता था। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो आरोपी अपनी मोबाइल लोकेशन देखने की बात करने लगा।
आरोपी ने अपने नाम की भी नहीं रखी लाज
पूरे फ्रेंड्स एंक्लेव इलाके में यही चर्चा थी कि आरोपी श्रीभगवान ने अपने नाम की भी लाज नहीं रखी। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि वह भाई की हत्या करने के बाद अब धीरे-धीरे बच्चों की हत्या कर उनको भी गायब करने की साजिश रच रहा था। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें