पश्चिमी हिमालय से आने वाली शीत हवाओं की वजह से बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले गत सप्ताह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
मौसम विभाग द्वारा न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 26 नवंबर तक औसतन न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इससे पहले मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा था कि पिछले 4 से 5 वर्षों के मुकाबले इस वर्ष नवंबर अधिक ठंडा रह सकता है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, गत 16 नवंबर से न्यूनतम तापमान में सामान्य से 2- 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे आगामी दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा। इसके अलावा राजधानी में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम आर्द्रता का स्तर 42 फ़ीसदी और अधिकतम 93 फ़ीसदी दर्ज किया गया। राजधानी में ठंड बढ़ने के पीछे उत्तरी भारत स्थित पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी भी प्रमुख कारण माना जा रहा है।
शीत हवाएं दिल्ली में ठंडक का एहसास करा रही हैं। यही वजह है कि अब धीरे-धीरे लोगों ने गर्म कपड़ों में घरों से निकलना शुरू कर दिया हैं। वहीं, आया नगर इलाके में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23.4 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।