केजरीवाल ने प्रेस वार्ता कर दिल्ली की वर्तमान परिस्थिति के बारे में बताया। उन्होंने सभी को कोरोना की इस लहर से सतर्क रहने और नियमों का पालन करने के लिए कहा। इसी के साथ केजरीवाल ने कोरोना की स्थिति के मद्देनजर बड़ा एलान किया है। उन्होंने बताया कि हालात को देखते हुए सरकार ने राजधानी में वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है।
उन्होंने बताया कि हर सप्ताह शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक दिल्ली में कर्फ्यू लागू रहेगा। प्रेस वार्ता में केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में बेड की कोई कमी नहीं है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 5000 से भी अधिक बेड फिलहाल उपलब्ध हैं।
केजरीवाल ने कहा कि मेरा निवेदन है कि किसी अस्पताल को लेकर जिद्द न करें। सीएम के नाते मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि दिल्ली में अस्पतालों में बेड की कमी नहीं है। पांच हजार से ज्यादा बेड अभी भी मौजूद हैं। हम फिलहाल अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड बढ़ाने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में लगातार केस बढ़ रहे हैं, जिसके कारण कुछ ठोस निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है। वीकेंड में जो लोग बाहर निकलते हैं उनको टाला जा सकता है। ऐसे में कोरोना के चेन को तोड़ना आसान होगा, इसीलिए वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा रहा है।