दिल्ली विधानसभा में बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, द कश्मीर फाइल्स फिल्म, नगर निगम के चुनाव टालने आदि मुद्दे उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं पर चौतरफा हमला बोला। उधर, भाजपा विधायकों ने भी दिल्ली सरकार के कामकाज में खामियां गिनाई।
केजरीवाल ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में डा. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर लगाने के दिल्ली सरकार के निर्णय से भाजपा एवं कांग्रेस के नेता परेशान हैं। भाजपा तो बाबा साहब से नफरत करती है। बाबा साहब ने संविधान में चुनाव कराने का प्रावधान किया था और भाजपा चुनाव कराने के खिलाफ है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने नगर निगम के चुनाव टलवाए।
उन्होंने दावा किया कि ऐसा दुनिया में कहीं भी नहीं होता कि एक प्रधानमंत्री सीधे चुनाव आयोग को फोन करके और एक पत्र भेजकर चुनाव टलवाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की चल जाए तो वह हार के डर से विभिन्न बहाने बनाकर देश एवं राज्यों के भी चुनाव कराने बंद कर दे, जबकि भाजपाई अपनी पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताते हैं। आम आदमी पार्टी तो दुनिया की सबसे छोटी पार्टी है। इसके बावजूद दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी एक छोटी पार्टी से डरकर भाग गई। उन्होंने भाजपाइयों को कायर कहते हुए चुनौती दी कि हिम्मत है तो चुनाव लड़ के दिखाओ।
उपराज्यपाल का धन्यवाद किया
केजरीवाल ने कहा कि उपराज्यपाल को एक तरह से केंद्र सरकार नुमाइंदा माना जाता है। उन्होंने ने भी बुधवार को हमारी सरकार की तारीफ की। पांच साल के अंदर दिल्ली का जीडीपी 50 प्रतिशत बढ़ गया। देश में अभी तक किसी भी राज्य में इतनी जीडीपी नहीं बढ़ी। वह उपराज्यपाल शुक्रिया अदा करते हैं।
विधायकों को दिए गए आईपैड
दिल्ली विधानसभा को कागज रहित बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। बृहस्पतिवार को विधानसभा के 70 सदस्यों को विधायी कार्यवाही की जानकारी और दस्तावेज देने के लिए आईपैड वितरित किए गए। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सत्र के दौरान सभी सदस्यों को चालू बजट सत्र के दौरान दिल्ली सरकार के वित्त विभाग द्वारा प्रदान किए गए आईपैड को ले जाने का आग्रह किया। कहा कि दस्तावेज और सूचनाओं को ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से कागज रहित प्रणाली लागू करना चाहते हैं। विधानसभा में वाई-फाई की सुविधा भी प्रदान की गई है। वित्तमंत्री जब सदन में बजट पेश करेंगे तो सभी दस्तावेज विधायकों के आईपैड पर उपलब्ध होंगे। विधायकों को डिजिटल रूप से काम करने में इससे बढ़ावा मिलेगा। आने वाले वक्त में विधायक सदन की कार्यवाही में वर्चुअल रूप से भी जरूरत पड़ने पर शामिल हो सकेंगे।
विशेष उल्लेख में उठीं जनसमस्याएं
दिल्ली विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन विशेष उल्लेख के दौरान भाजपा विधायक अजय महावर ने आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने की मांग रखी। सदन को बताया कि उन्हें न्यूनतम से भी कम वेतन भत्ते मिल रहे हैं, जबकि इन लोगों ने कोविड महामारी में दिल्लीवासियों की बहुत सेवा की है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने उन सदस्यों को नसीहत दी जो सदन के बाहर लॉन में बैठने चले गए थे। कहा कि सदन की कार्यवाही बहुत कम दिनों की है। विधायक लॉन में जाकर बैठ जाते हैं। विशेष उल्लेख के दौरान भाजपा विधायक ओमप्रकाश शर्मा ने अतिथि शिक्षकों के वेतन भत्तों में वृद्धि नहीं किए जाने का मामला उठाया। साथ ही, कहा कि वोकेशनल ट्रेनर्स का भी वेतन बढ़ाए जाए और मानदेय सरकारी नियमों के अनुरूप मिले। आप विधायक जयभगवान ने महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में डॉक्टरों के उपकरणों की कमी का उल्लेख करते हुए सदन को बताया कि यह अस्पताल सिर्फ प्राथमिक उपचार केंद्र बनकर रह गया है। भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने सदन को बताया कि वृद्धावस्था पेंशन लंबे समय से बंद है। आप विधायक भावना गौर ने पूरी दिल्ली में विशेष तौर पर अनधिकृत कॉलोनियों में बहु मंजिला निर्माण की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया। आप विधायक मुकेश अहलावत ने अधिकारियों पर समय पर जवाब नहीं देने का आरोप लगाया। कहा कि ऐसा एक पोर्टल बनाया जाए जहां विधायक अपने पत्रों की ट्रैकिंग खुद कर सकें।
...दिल्ली सरकार हर मोर्चे पर विफल
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली सरकार इस साल बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर नतीजों के लिए अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि कोरोना के कारण दो साल से तो स्कूल ही नहीं खुले और परीक्षाएं ही नहीं हुईं। सरकार 12 हजार कमरों को अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है, लेकिन स्कूलों के इन कमरों में पढ़ाने के लिए शिक्षकों की भारी कमी है। सरकार के 745 स्कूलों में प्रधानाचार्य और 418 स्कूलों में उपप्रधानाचार्य नहीं हैं। इसके अलावा साढ़े 24 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं। स्कूलों में 22 हजार अतिथि शिक्षक पढ़ा रहे हैं, लेकिन उनमें से एक को भी पक्का नहीं किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, वोकेशनल ट्रेनर और अलग-अलग विभागों में काम कर रहे करीब डेढ़ लाख अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करने का सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया। बुजुर्गों और बेसहारा महिलाओं को पेंशन के फार्म वर्षों से नहीं मिल रहे और वे मारे-मारे फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी दो दिन पहले ही आए सर्वे में 17 देशों के 6475 शहरों में दिल्ली विश्व की सबसे प्रदूषित राजधानी करार दी गई।
राखी बिरला और भाजपाइयों में नोकझोंक
दिल्ली विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान उपाध्यक्ष राखी बिरला एवं भाजपा विधायकों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान राखी बिरला ने भाजपा विधायकों को नसीहत दी वे प्रश्नकाल से संबंधित नियम बढ़कर आया करें। उनके इस कथन का भाजपा विधायकों ने कड़ा विरोध किया। भाजपा विधायक अजय महावर के प्रश्न का राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस मसले पर अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने निर्देश किए वे 28 मार्च को इस प्रश्न पर स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद अजय महावर बैठ गए, लेकिन भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश शर्मा, विजेंद्र गुप्ता आदि ने कैलाश गहलोत को घेरना शुरू कर दिया। तभी राखी बिरला ने भाजपा विधायकों को नसीहत देनी शुरू कर दी और उन्होंने मंत्रियों को घेरने का आरोप लगाया। उधर, भाजपा विधायक भी उनसे भिड़ गए। इस बीच रामनिवास गोयल ने कहा कि इस प्रश्न के संबंध में वह निर्देश दे चुके हैं।