विद्यार्थी परिषद से जुड़े आदेश उत्तर प्रदेश के कन्नौज के रहने वाले हैं। पिछले कुछ वर्ष से उन्होंने अपनी राजनीति दिल्ली में चमकाई। वेस्ट पटेल नगर से पार्षद बने, फिर उत्तरी दिल्ली एमसीडी के मेयर, ड्यूसिब के सदस्य और केंद्रीय नेतृत्व का विश्वास जीतने के बाद पार्टी के उच्च पद हासिल किए। मेयर बनने से पूर्व आदेश भाजपा युवा मोर्चा और विद्यार्थी परिषद में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
कन्नौज के गुरसहायगंज में 1969 में आदेश का जन्म हुआ। पिता का नाम शंभूदयाल गुप्ता है। प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्कूल में हुई। उच्च शिक्षा के लिए कन्नौज से कानपुर का रुख कर छत्रपति शाहूजी महाराज विश्विवद्यालय कानपुर से बीएससी की पढ़ाई की। कानपुर में ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से आदेश जुड़ गए थे।
इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समय कार्यालय मंत्री रहे। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश कोहली के समय में दिल्ली प्रदेश में कार्यालय मंत्री के पद पर रह चुके है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विस्तारक और पूर्णकालिक रहे और भाजपा के करोलबाग जिले में उपाध्यक्ष पद पर भी रहे। चुनावी राजनीति सफर आदेश ने 2017 में वेस्ट पटेल नगर से शुरू किया और एमसीडी पार्षद चुने गए। अगले साल यानी 2018 में उत्तरी दिल्ली का मेयर बनाया गया। दिल्ली में बंगाली समाज को पार्टी के साथ जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी।
जमीनी नेता के रूप में जाने जाते हैं
नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता जमीनी नेता के रूप में जाने जाते हैं। हाई-प्रोफाइल नेता आदेश कभी नहीं बने। पटेल नगर में मतदाताओं के बीच काफी लोकप्रिय भी रहे।
ट्यूशन पढ़ाकर किया गुजारा, बाद में ठेकेदारी
आदेश ने दिल्ली में आते ही ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया। इसी से उनकी आजीविका चलती थी। बाद में कॉस्मेटिक उत्पाद की ट्रेडिंग का काम शुरू किया, लेकिन उसमें नाकामी हाथ लगी। इसके बाद वह फिर से ट्यूशन पढ़ाने लगे। इसी दौरान उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी में कांट्रेक्टर के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया और ठेकेदारी का काम शुरू कर दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय के बाद सांसद मनोज तिवारी ने नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी। साथ ही साथ दिल्ली वासियों से क्षमा भी मांगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला, उसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी व दिल्ली वासियों का सदैव आभारी रहूंगा। जाने-अंजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना। गौरतलब है कि भाजपा ने दिल्ली में पूर्वाचलियों की तादाद देखते हुए मनोज तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी थी।
तिवारी के नेतृत्व में भाजपा एमसीडी व लोकसभा चुनाव भी जीती, लेकिन बीते विधानसभा चुनाव में दिल्ली भाजपा बुरी तरीके से हारी और आठ सीटों पर ही सिमट गई। हालांकि दिल्ली चुनाव केंद्रीय नेतृत्व ही लड़ रहा था। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। कई चेहरे सामने आ रहे थे, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने पूर्व मेयर आदेश गुप्ता पर ही दांव लगाया है।
गुरसहायगंज (कन्नौज) कस्बे के मोहल्ला शास्त्री नगर के आदेश गुप्ता को दिल्ली का भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने पर जश्न का माहौल है। माता-पिता और भाइयों ने मिठाई बांटी। इससे पहले आदेश गुप्ता उत्तरी दिल्ली के महापौर पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
आदेश गुप्ता नगर के मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज में शिक्षा ग्रहण करने के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए थे। 1994 में फर्रुखाबाद में विद्यार्थी परिषद में जिला संगठन मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली। कई साल तक संगठन में सक्रिय रहने के बाद वर्ष 2008 में दिल्ली पहुंच गए। यहां से राजनीति शुरू की। वर्ष 2010 में भाजयुमो का राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया।
पार्टी ने दिल्ली के पटेल नगर से 2017 में पार्षद का चुनाव लड़ाया। इसमें जीत हासिल की। 2018 में उत्तरी दिल्ली का महापौर बनाया गया। एक वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पार्टी के काम में लग गए। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को आदेश गुप्ता को दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। इसकी जानकारी पर घर में जश्न का माहौल है। बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कस्बे के लोगों ने जश्न मनाया। आदेश के छोटे भाई देवेंद्र देव भाजपा के उमर्दा मंडल के प्रभारी हैं।
पिता शंभू दयाल गुप्ता भाजपा नगर अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। बधाई देने वालों में व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कौशल, जितेंद्र कौशल, आंचल गुप्ता, शिवा गुप्ता, अनित शुक्ला, अजीत वर्मा मौजूद रहे।