नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर पर छात्राओं की ओर से लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में दिल्ली महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने जेएनयू के कुलपति से मामले में अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तीन दिन में मांगी है। आयोग ने शिकायत की जांच और विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति की कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा है। आयोग रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा।
मामला मई 2026 में छात्राओं की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गई शिकायत से जुड़ा है। छात्राओं ने संबंधित प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। छात्राओं का दावा है कि शिकायत के कई महीने बीतने के बाद भी मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। मामला सामने आने के बाद महिला आयोग ने इसका स्वतः संज्ञान लिया है। संवाद