- बीएड, बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और बीएजेएमसी के लिए होगी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईपी यूनिवर्सिटी अपने तीन प्रोग्राम में दाखिला के लिए विशेष प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। इसमें बीएड, बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और बीएजेएमसी प्रोग्राम शामिल हैं। तीनों पाठयक्रमों में सीईटी और सीयूईटी स्कोर के आधार पर होने वाली दाखिला प्रक्रिया के बाद बची खाली सीटों पर दाखिले के लिए विशेष प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है।
इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। यूनिवर्सिटी के अनुसार पहली बार किसी प्रोग्राम में दाखिले के लिए इस तरह की विशेष प्रवेश परीक्षा का आयोजन होगा। यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि पर्याप्त संख्या में आवेदन की स्थिति में ही इन प्रोग्राम के लिए विशेष प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। साथ ही जिन्होंने इन प्रोग्राम के लिए पहले से सीईटी दे रखा है। वह इस विशेष प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।
इस विशेष प्रवेश परीक्षा के बाद काउंसलिंग ऑफलाइन मोड में होगी। खाली सीटों का आवंटन अनारक्षित श्रेणी में किया जाएगा। दिल्ली और आउटसाइड दिल्ली का अलग से कोई कोटा नहीं होगा। यूनिवर्सिटी के कुलपति पद्मश्री प्रो.(डॉ.) महेश वर्मा ने इस नई पहल पर कहा कि ढेर सारे ऐसे उम्मीदवारों के अनुरोध इन प्रोग्राम में दाखिले के लिए आ रहे थे जिन्होंने न तो इन प्रोग्राम के लिए आयोजित होनी वाली यूनिवर्सिटी प्रवेश परीक्षा में भाग लिया और न ही सीयूईटी में शामिल हुए। उसके मद्देनजर यूनिवर्सिटी ने विशेष प्रवेश परीक्षा का आयोजन कर उन उम्मीदवारों को बड़ी राहत देने की कोशिश की है। इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी यूनिवर्सिटी की दोनों वेबसाइट www.ipu.ac.in और www.ipu.admissions.nic.in पर उपलब्ध है।