पुलिस आरोपी बीएलए के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही
37 मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए दिए गए थे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फर्जी फॉर्म-7 जमा करने के मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिला निर्वाचन कार्यालय की शिकायत पर पुलिस आरोपी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। आरोप है कि बीएलए ने 37 मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 जमा किए थे। इनमें तीन लोगों को मृत और 34 को अनुपस्थित या दूसरी जगह रहने वाला बताया गया था। निर्वाचन विभाग की जांच में 36 आवेदन गलत पाए गए थे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, सोशल मीडिया पर शिकायतें सामने आने के बाद मुस्तफाबाद के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने इन आवेदनों की जांच कराई थी। बीएलओ सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों की टीम ने मौके पर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया। इसमें जिन तीन लोगों को मृत बताया गया था वे अपने घर पर मिले। वहीं 34 में से 33 मतदाता भी अपने पंजीकृत पते पर ही रह रहे थे। केवल एक मतदाता दूसरी जगह स्थानांतरित मिला।
जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद छह नवंबर को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसमें एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच करने के लिए कहा गया है। अब पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
दूसरे मतदान केंद्रों पर भी जांच
इस मामले के सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के अन्य मतदान केंद्रों पर जमा फॉर्म-7 का भी सत्यापन शुरू कर दिया है। विभाग को आशंका है कि दूसरे इलाकों में भी गलत जानकारी देकर मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश की गई हो सकती है। जांच में ऐसी गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।