उत्तर-पूर्व की रहने वाली छात्राओं के साथ अभद्रता, मामला दर्ज
मालवीय नगर की वारदात, छात्राओं ने नस्लीय टिप्पणी, अभद्र भाषा और धमकी देने का लगाया आरोप
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मालवीय नगर इलाके में एक फ्लैट में एसी लगवाने के दौरान पड़ोसी के घर में धूल मिट्टी गिरने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने उत्तर-पूर्व की रहने वाली तीन छात्राओं के साथ बदसलूकी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव किया।
छात्राओं ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी शख्स व उसकी पत्नी ने मिलकर उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने के अलावा अभद्र भाषा का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी। करीब चार मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मालवीय नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्राओं की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।पुलिस ने बीएनएस की धारा 79, 351(2), 3(5), 196 (आईपीसी की धारा 509, 506, 153ए और 34) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी पड़ोसी हर्ष सिंह एक पीआर कंपनी में काम करने के अलावा यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है। पुलिस वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
दक्षिण जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 20 फरवरी की है। मालवीय नगर की इमारत में उत्तर-पूर्वी राज्यों की रहने वाली तीनों युवतियां चौथी मंजिल पर पिछले सात माह से किराये के फ्लैट में रहती हैं। तीनों कॉलेज की छात्रा हैं। इसी इमारत में तीसरी मंजिल पर हर्ष सिंह, उसकी पत्नी रूबी जैन व परिवार रहता है। पुलिस को दिए बयान में छात्राओं ने बताया कि 20 फरवरी दोपहर को वह अपने फ्लैट में एसी लगवा रही थीं। इस बीच काम की वजह से धूल नीचे रहने वाले हर्ष के फ्लैट में जाने लगी। हर्ष ने इसका विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। युवतियों का आरोप है कि हर्ष सिंह और उनकी पत्नी रूबी ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। उनके खिलाफ जानबूझकर आपत्तिजनक व नस्लीय टिप्पणियां की गई। पुलिस ने छात्राओं का बयान लेकर शनिवार को मामला दर्ज कर लिया।