दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) और कलर कोडेड स्टिकर के लिए आ रही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। होम डिलीवरी बढ़ाने सहित मौजूदा प्रणाली को और सुदृढ़ करने को कहा ताकि शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान हो सके।
बैठक में सोसाइटी फॉर इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स(सियाम) ने परिवहन मंत्री से बुकिंग और वितरण प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए वक्त मांगा। प्रतिनिधि ने 30 दिसंबर तक का वक्त मांगते हुए कहा कि इससे पहले सभी परेशानियों के समाधान के लिए तैयारी कर ली जाएगी। मंत्री ने सियाम को भी होम फिटमेंट की सुविधा बढ़ाने को कहा ताकि कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों को एचएसआरपी हासिल करने में परेशानियों का सामना न करना पड़े।
अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहनों पर लोगों की चिंताओं के मद्देनजर उन्होंने सियाम और परिवहन विभाग को जल्द समाधान करने को कहा ताकि दिल्ली वासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सर्वोच्च न्यायालय के ओदश के बाद वाहनों की सुरक्षा और ईंधन की पहचान के लिए एचएसआरपी और कलर कोडेड स्टिकर के प्रावधान को लागू किया गया। यूनिक हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट होने के बाद सभी वाहनों का डाटा इलेक्ट्रॉनिक हो जाएगा। किसी भी शिकायत या प्रश्नों के लिए 1800 1200 201 पर कॉल किए जा सकते हैं।