जेईई 2026 उम्मीदवार फैकल्टी और छात्रों से हो सकेंगे रूबरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली जेईई 2026 उम्मीदवारों के लिए राजस्थान स्थित कोटा के वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी में ओपन हाउस का आयोजन करेगा। इच्छुक उम्मीदवार 31 जनवरी को होने वाले ओपन हाउस के लिए https://forms.gle/vJQ6rZso64wzbpuN8 लिंक पर जाकर पंजीकरण कर सकेंगे।
ओपन हाउस की पहल आईआईटी दिल्ली के ऑफिस ऑफ एकेडमिक आउटरीच एंड न्यू इनिशिएटिव्स आउटरीच ने की है। इसके तहत जेईई उम्मीदवारों को आईआईटी दिल्ली के छात्रों और फैकल्टी के साथ रूबरू होने का मौका मिलेगा। यह सेशन उन्हें आईआईटी में शामिल होने पर मिलने वाले एकेडमिक माहौल, कैंपस लाइफ और अवसरों की जानकारी के लिए देने के लिए डिजाइन किया गया है। उम्मीदवार अपनी जेईई की तैयारी के बारे में मार्गदर्शन भी ले सकेंगे। इससे पहले आईआईटी दिल्ली कैंपस में ओपन हाउस के अलावा पिछले साल जेईई एडवांस्ड 2025 के नतीजों के बाद मुंबई और बंगलुरू में भी ऐसे ओपन हाउस सेशन आयोजित किए गए थे। पिछले साल ओपन हाउस पर मिली जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया से प्रेरित होकर आईआईटी दिल्ली इस वर्ष ओपन हाउस सीरिज कोटा में शुरू कर रहा है। इस साल इंस्टीट्यूट तैयारी के चरण के दौरान भी उम्मीदवारों को सहायता देने की योजना बना रहा है।