आईआईटी और एनआईटी में ज्वाइंट काउंसलिंग विंडो आज से ओपन
नई दिल्ली। देश के आईआईटी, एनआईटी और आईआईआईटी सहित केंद्र सरकार के उच्च शिक्षण संस्थानों में बीटेक, बीई प्रोग्राम में दाखिले की दौड़ रविवार से शुरू होने जा रही है। ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोशा) की वेबसाइट 16 जून से खुलेगी। छात्रों को 25 जून तक ऑनलाइन ज्वाइंट काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन का मौका मिलेगा। साथ ही, छात्रों को बीटेक और बीई में दाखिले के लिए कोर्स को भी चुनना होगा।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के मुताबिक, 23 आईआईटी, 31 एनआईटी, 25 आईआईआईटी, आईआईईएसटी शिबपुर सहित अन्य संस्थानों में बीटेक व बीई प्रोग्राम में दाखिला सीट ज्वाइंट सीट एलोकेशन से अलॉट होगी। आईआईटी मे जेईई एडवांस और अन्य में जेईई मेन 2019 के स्कोर के आधार पर सीट अलॉट की जाएगी। छात्रों को विंडो ओपन होते ही काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और कोर्स चुनने के लिए च्वाइस फिलिंग करना होगा। उक्त सभी संस्थानों में ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत भी सीट अलॉट होंगी। इसके अलावा आईआईटी व एनआईटी में गर्ल्स सुपर न्यूमेरी कोटे के तहत भी सीट अलॉट की जाएगी। आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी समेत अन्य संस्थानों में कुल सीटों का ब्यौरा रविवार को अपलोड होगा।
-----
च्वाइस फिलिंग में सभी कोर्स को करें क्लिक
छात्रों को सुझाव है कि वे च्वाइस फिलिंग में सभी कोर्स को क्लिक करें। ऑनलाइन ज्वाइंट काउंसलिंग में रैंक के आधार पर कोर्स मिलता है। इसलिए यदि सभी कोर्स को च्वाइस फिलिंग में भरा होगा तो आखिरी राउंड तक सीट मिलने की संभावना बनी रहती है। यदि च्वाइस फिलिंग में कोर्स नहीं चुना होगा तो फिर मनपसंद कोर्स की सीट भरते ही काउंसलिंग से बाहर हो जाएंगे।