नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2020-21 में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) से एमबीए डिग्री प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने में अब देरी न करें। क्योंकि, आईआईएम में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (कैट) आवेदन में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का मौका 18 सितंबर तक ही उपलब्ध है। कैट परीक्षा आयोजन 24 नवंबर को होगा।
आईआईएम प्रबंधन के मुताबिक, सभी 20 आईआईएम में दाखिला ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के लिए सामान्य व ओबीसी वर्ग के छात्रों को 19 सौ रुपये और एससी/एसटी व दिव्यांग वर्ग के छात्रों को 950 रुपये फीस जमा करनी होगी। कैट परीक्षा के लिए देशभर में 156 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा 180 मिनट की रहेगी। इसमें एक सेक्शन के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा के दौरान एक सेक्शन के प्रश्नों को हल करने के दौरान दूसरे सेक्शन में नहीं जा सकेंगे। एडमिट कार्ड 23 अक्तूबर से वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि रिजल्ट 15 जनवरी 2020 के बाद जारी होने की संभावना है।
100 सवालों को करना होगा हल
कैट परीक्षा की तैयारी के लिए अक्तूबर में ट्यूटोरियल भी चलाया जाएगा। कैट परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके तहत 34 सवाल वर्बल व रीडिंग कांप्रिहेंसन, 32 सवाल डाटा इंटरप्रेटेशन एंड लॉजिकल रीजनिंग, 34 प्रश्न क्वाटिटेटिव एप्टीट्यूड पर आधारित रहेंगे। कैट परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। सही जवाब देने पर तीन अंक और गलत जवाब पर एक अंक काट लिया जाएगा।