राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ-साथ होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज भी बढ़ रहे हैं। कुछ स्थानों पर देखा जा रहा है कि होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला आयुक्तों को आदेश जारी किया है कि इन मरीजों की पहचान कर उन्हें कोविड अस्पतालों या कोविड सेंटर में भर्ती किया जाए।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, होम आइसोलेशन में 20 दिन में दस हजार से ज्यादा मरीज बढ़ गए हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच उपराज्यपाल अनिल बैजल ने स्वास्थ्य विभाग को कोविड-19 पर नियंत्रण के लिए एक वैकल्पिक रणनीति तैयार करने को कहा था। इसमें कंटेनमेंट जोन को लेकर रणनीति में जरूरी संशोधन करना भी शामिल था। इसके बाद रेड जोन में निगरानी बढ़ाई गई, साथ ही नियमों को सख्ती से लागू भी कराया जा रहा है।
इस दौरान देखा गया है कि कुछ लोग होम आइसोलेशन के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसको देखते हुए दिल्ली सरकार के विशेष स्वास्थ्य सचिव उदित प्रकाश राय ने सभी 11 जिलों के आयुक्तों को आदेश जारी कर कहा है कि वह सुनिश्चित करें कि जो भी रोगी होम आइसोलेशन के मानदंडों को पूरा नहीं कर रहा है, उन्हें उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार, कोविड हेल्थ सेंटर या अस्पताल में भर्ती किया जाए।