नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही कंटेनमेंट जोन की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। स्थिति यह है कि दक्षिणी पश्चिमी इलाके में सबसे ज्यादा 230 कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं, जबकि उत्तर पूर्वी दिल्ली में इनकी संख्या सबसे कम 20 हैं। दिल्ली में फिलहाल 1226 रेड जोन हैं। जहां भी दो या तीन केस पाए जा रहे हैं, सरकार की तरफ से उन जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा रहा है। हालांकि, अब कंटेनमेंट जोन का दायरा काफी छोटा कर दिया गया है। शुरुआत में यदि एक घर या गली से दो या तीन लोग पॉजिटिव पाए जा रहे थे तो पूरा इलाका या आसपास की गलियां सील की जा रही थीं। दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले 1.6 प्रतिशत की दर से बढ़ रहे हैं। जुलाई के अंत तक यह दर घटकर 0.5 प्रतिशत पर पहुंच गई थी, लेकिन अब नए केस बढ़ने के साथ ही दर भी बढ़ने लगी है। जून में दिल्ली में 5 से 7 प्रतिशत की दर से नए केस बढ़ रहे थे।