दिल्ली में कोरोना महामारी से निपटने और ऑक्सीजन आपूर्ति को लेकर हाईकोर्ट में आज भी सुनवाई हुई। इस दौरान उच्च न्यायालय ने केजरीवाल सरकार से कई तीखे सवाल किए। साथ ही दिल्ली सरकार से कोरोना से निजात पाने के लिए किए गए कामों के बारे में पूछा। कहा कि द्वारका में बने इंदिरागांधी अस्पताल में कोविड का एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है।
अदालत का नवनीत कालरा के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार
दिल्ली की एक अदालत ने ‘खान चाचा’ रेस्तरां से ऑक्सीजन सांद्रकों की जब्ती के मामले में कारोबारी नवनीत कालरा के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने से सोमवार को इंकार कर दिया।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा कालरा की तलाश कर रही है। वहीं, कालरा ने साकेत अदालत में आवेदन दायर कर इस मामले में अग्रिम जमानत का अनुरोध किया है। विशेष न्यायाधीश सुमित दास ने जांच अधिकारी को याचिका पर मंगलवार तक जवाब देने को कहा है।
अदालत ने कहा, दिल्ली पुलिस की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक नहीं लगेगी। न्यायाधीश मंगलवार दोपहर में मामले पर सुनवाई करेंगे। कार्यवाही के दौरान लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने अग्रिम जमानत याचिका का विरोध किया।
सरकारी वकील बोले ये अपराध शाखा का मामला है
सरकारी वकील ने अदालत से कहा, यह क्राइम ब्रांच का मामला है। क्या यह इसके लिए उचित अदालत है। दक्षिणी दिल्ली के एक फार्महाउस और कालरा के एक रेस्तरां से गुरुवार को 419 ऑक्सीजन सांद्रक बरामद किए गए थे।
छापे के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। निजी कंपनी ने चीन से इन ऑक्सीजन सांद्रकों का आयात किया था। पुलिस के मुताबिक कालरा छापेमारी के बाद से फरार है और उसका मोबाइल भी बंद है। पुलिस ने शनिवार को मामला अपराध शाखा के पास स्थानांतरित कर दिया था।