नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को भी 10 स्वास्थ्यकर्मियों समेत बीएसएफ के 85 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि सैकड़ों क्वारंटीन किए गए हैं। यह स्थिति तो तब है कि जब तमाम एहतियात बरती जा रही हैं।
दिल्ली सरकार के सुश्रुत ट्रामा अस्पताल में एक डॉक्टर सहित 9 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बुधवार को आई रिपोर्ट में एक पीजी डॉक्टर के अलावा चार तकनीशियन और तीन नर्सिंग अर्दली शामिल हैं, जबकि एक फिजियोथेरेपिस्ट भी कोरोना की चपेट में आया है। बताया जा रहा है कि एक मरीज की स्पाइन सर्जरी के दौरान यह सभी स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हुए हैं।
दूसरी ओर दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर तैनात सुरक्षा जवान भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। बुधवार को बीएसएफ के 85 और जवान पॉजिटिव मिले हैं। सभी को विभिन्न कोविड सेंटरों मेें भर्ती कराया गया है। फिलहाल, इनके संपर्क में आए अन्य लोगों की जांच की जा रही है।
इन तीन अस्पतालों में भी कई की रिपोर्ट पॉजिटिव
स्वामी दयानंद अस्पताल में एक डॉक्टर के संक्रमित मिलने के बाद अब तक 6 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया जा चुका है। इनके अलावा दिल्ली सरकार के अरुणा आसफ अली अस्पताल में एक ईएनटी डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिला है, जबकि हिंदूराव अस्पताल में एक और डॉक्टर कोरोना की चपेट में आ चुका है। हिंदूराव में अब तक आठ स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।
400 स्वास्थ्यकर्मी पॉजिटिव, 500 क्वारंटीन
दिल्ली में अब तक 30 से ज्यादा अस्पतालों में 400 से अधिक स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 500 से ज्यादा क्वारंटीन हैं। दिल्ली एम्स से लेकर राजधानी के तमाम बड़े अस्पताल कोरोना की चपेट में हैं। ज्यादात्तर स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित मरीज या अस्पताल से बाहर किसी के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
अब तक इतने जवान संक्रमित
बीएसएफ 154
एसएसबी 13
सीआरपीएफ 144
आईटीबीपी 45
दिल्ली पुलिस 70
सीआईएसएफ 03