फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में 23 अस्पतालों के 211 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित, 95 फीसदी कोरोना मरीजों का उपचार नहीं करते

Tue, 28 Apr 2020 05:16 AM IST
नोएडा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कोरोना वायरस को लेकर अब दिल्ली के अस्पताल नए हॉटस्पॉट बनते जा रहे हैं। एम्स और सफदरजंग से लेकर दिल्ली के कई बड़े अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। अब तक 23 अस्पताल के 211 डॉक्टर व अन्य कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं। गौर करने वाली बात है कि इनमें से 95 फीसदी संक्रमित कर्मचारी कोरोना उपचार करने वाली टीम का हिस्सा नहीं हैं।

विज्ञापन


पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में 33 स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हैं। यहां एक नर्स के पॉजिटिव मिलने के बाद बाकी स्वास्थ्य कर्मचारियों की जांच कराई गई थी। पहला मरीज डिस्चार्ज हो चुका है, जबकि बाकी 32 संक्रमित स्वास्थ्य कर्मचारियों को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती किया जा चुका है। 14 अप्रैल को मैक्स अस्पताल प्रबंधन ने अपने यहां आने वाले मरीज व स्वास्थ्य कर्मचारियों की कोरोना जांच अनिवार्य की थी।

मैक्स के 15 स्वास्थ्य केंद्रों पर अब तक 2681 स्वास्थ्य कर्मचारियों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 61 संक्रमित मिल चुके हैं। इन सभी का उपचार साकेत स्थित मैक्स के मुख्य अस्पताल में चल रहा है। इनमें से अब तक 10 स्वास्थ्य कर्मचारी को छुट्टी मिल चुकी है। अभी तक साकेत और मुंबई स्थित मैक्स के दो प्रमुख अस्पतालों में 200 संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जा चुका है। वहीं, सोमवार को दिल्ली के जगप्रवेश अस्पताल में एक डॉक्टर और सफदरजंग अस्पताल में एक और नर्स संक्रमित मिली है। अब तक इन दोनों ही अस्पतालों में क्रमश: दो और नौ स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं।
विज्ञापन


दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में 26, महाराजा अग्रसेन में छह, सर गंगाराम में तीन, मैक्स साकेत में तीन, एम्स में आठ, सफदरजंग में 9, आरएमएल में चार, मोहल्ला क्लीनिक के दो डॉक्टर, सरदार वल्लभ भाई पटेल अस्पताल में एक, लोकनायक अस्पताल में तीन, मूलचंद में एक, अपोलो अस्पताल में दो, लेडी हार्डिंग में 14, चरक पालिका अस्पताल में एक, बाबू जगजीवन राम में 59, जीटीबी में तीन, जगप्रवेश अस्पताल में दो डॉक्टर, आंबेडकर अस्पताल में 26, राजन बाबू टीबी अस्पताल और बत्रा अस्पताल में एक-एक स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हैं। इसके अलावा मैक्स पटपड़गंज में 33, हिंदूराव में एक स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव है। दिल्ली में कैट्स एंबुलेंस के दो कर्मचारी भी अब तक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।

भीमराव आंबेडकर के चिकित्सीय अधीक्षक समेत 60 क्वारंटीन
दिल्ली सरकार के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक रोहिणी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के चिकित्सीय अधीक्षक समेत 60 स्वास्थ्य कर्मचारी क्वारंटीन हो चुके हैं। अब तक इस अस्पताल में 30 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अस्पताल को फिलहाल बंद कर दिया है। यहां भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया है। इसके चलते काफी मरीजों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। 24 अप्रैल को अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर कोरोना की चपेट में आने के बाद उनके सपंर्क में आए 60 लोगों को क्वारंटीन किया है, जिसमें चिकित्सा अधीक्षक भी शामिल हैं। सोमवार को इन सभी कर्मचारियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें