नई दिल्ली। अमर कॉलोनी थाने के मालखाने से डेढ़ करोड़ रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखने वाले हेड कांस्टेबल संदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 21 दिनों से लापता था। पुलिस ने उसे राजस्थान से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर मालखाने से चोरी सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, हेड कांस्टेबल संदीप 29 अक्तूबर को आखिरी बार ड्यूटी पर आया था। अगले दिन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर साथी पुलिसकर्मी ने उसे फोन किया तो उसने घर पर जरूरी काम होने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। 12 नवंबर को उसके भाई ने दिल्ली में संदीप के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदीप अदालत में कई मामलों की सुनवाई के दौरान लगातार पेश नहीं हो रहा था। इसी बीच थाने के मालखाने में रखे सोने के कुछ आभूषण गायब मिले। जांच में संदीप की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। संवाद