-द्वारका नॉर्थ के भरत विहार इलाके में हुआ हादसा, पोते को गोदी में लेकर छत पर कुछ सामान लेने गई थीं, अचानक बिगड़ गया संतुलन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका नॉर्थ इलाके के भरत विहार में बुधवार शाम निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से दादी और पोते गिर गए। गंभीर हालत में उनकों नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक द्वारका नॉर्थ एरिया में भरत विहार इलाके में चार मंजिला इमारत निर्माणाधीन है। यहां पर ठेकेदार मध्य प्रदेश निवासी सुकेश कुमार काम करवा रहा है। इसी इमारत में उसका परिवार भी रहता है। बुधवार शाम को जब काम समाप्त हुआ तो सुकेश की मां हरिबाई (45) अपने एक साल के पोते राज को लेकर चौथी मंजिल स्थित छत पर पहुंची। निर्माणाधीन इमारत में अभी रेलिंग नहीं लगी थी। अचानक हरिबाई का संतुलन बिगड़ा और वह पोते के साथ नीचे गिर गईं। हादसे के समय उन्होंने पोते को गोद में लिया हुआ था। तेज आवाज हुई तो आसपास के लोग वहां पहुंचे। सुकेश भी आ गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एक साथ दो मौतों से घर में कोहराम मचा हुआ है।