फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्लीः दादी ने पार्टी के लिए नहीं दिए रुपये तो पोते ने हथौड़े से पीटकर कर दी हत्या, पोता गिरफ्तार

Tue, 29 Dec 2020 01:24 AM IST
नोएडा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

शाहदरा के पूर्वी रोहताश नगर में एक युवक ने पार्टी के लिए रुपये नहीं देने पर बुजुर्ग दादी की हथौड़े से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त सतीश कुमारी (73) के रूप में हुई है। शव उनके कमरे में कुर्सी पर पड़ा मिला। हत्या करने के बाद आरोपी ने कमरे का बाहर से ताला लगा दिया था। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी पोते करण (18) को गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन


पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया है कि वह अपनी दादी से नए साल की पार्टी करने के लिए पैसे मांग रहा था। मना करने पर वह गुस्से में आ गया। वह पड़ोसी किरायेदार से हथौड़ा मांगकर लाया और दादी पर ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी करण को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस को पता चला है कि करण नशा करने का आदी है।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, सतीश कुमारी अपने छोटे बेटे संजय (47) के साथ पूर्वी रोहताश नगर में रहती थीं। संजय के परिवार में पत्नी के अलावा बड़ा बेटा करण और छोटा बेटा ध्रुव है। करण मेरठ के एक कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र है। संजय किराने की दुकान चलाता है। सतीश कुमारी भूतल पर बने कमरे में रहती थीं। संजय का परिवार पहली मंजिल पर रहता है। सतीश का दूसरा बेटा मनोज बाबरपुर में अलग रहता है।

मनोज ने बताया कि रविवार सुबह संजय का उसके पास फोन आया था। उसने बताया कि मां कहीं चली गई है, उनके कमरे पर बाहर से ताला लगा है, फोन भी नहीं उठा रही हैं। मनोज वहां पहुंच गया। मां की इधर-उधर तलाश करने के बाद दोपहर बाद कमरे का ताला तोड़ा गया। ताला तोड़ते ही परिजनों के होश उड़ गए। अंदर कुर्सी पर मां सतीश कुमारी मृत पड़ी थीं। उनके चेहरे, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे।

शव के पास ही खून से सना हथौड़ा पड़ा हुआ था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि हथौड़ा पड़ोसी किरायेदार का था। पड़ोसी ने बताया कि शनिवार रात करण हथौड़ा मांगकर ले गया था। करण भी अपने घर से गायब मिला। संजय ने बेटे को फोन कर घर आने की बात की, तो वह मना करने लगा। दबाव बनाने पर वह घर आ गया।

पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी करण ने बताया कि शनिवार को उसने दादी से पार्टी के लिए रुपये मांगे थे, लेकिन दादी ने उसे रुपये देने से मना कर डांट दिया। इससे उसे बहुत गुस्सा आया और हथौड़े से दादी की हत्या कर दी। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में आरोपी के साथ और कोई तो शामिल नहीं था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें