दो दिन पहले बारिश होने के कारण फूलों की कीमतों में खासी तेजी आई है। फूलों की फसल नष्ट होने के कारण गाजीपुर फूल मंडी में इनकी सप्लाई प्रभावित हुई है। इस समय शादियों का मौसम चल रहा है और शादी व अन्य कार्यक्रम करा रहे लोगों की जेब पर और ज्यादा बोझ पड़ रहा है।
दिल्ली और आसपास क्षेत्र में हाल ही में बारिश होने के कारण फूलों के खेत नष्ट हो गए हैं। इस कारण फूलों की सप्लाई भारी मात्रा में घट गई है। गाजीपुर फूल मंडी में एक दुकानदार ने बताया कि पहले जहां उनके पास 400-500 बंडल पहुंच रहे थे वहीं अब यह संख्या घटकर सिर्फ 20-30 बंडल पर रह गई है। उन्होंने बताया कि मार्केट में आगामी कुछ दिनों में सुधार होने की उम्मीद है।