अग्निशमन विभाग शिखर सम्मेलन के दौरान किसी भी इमरजेंसी के समय उससे निपटने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। विभाग ने सुरक्षा इंतजामों को और भी पुख्ता करने के लिए 10 टाटा-योद्धा छोटे वाहन खरीदे हैं। इनको जी-20 के दौरान मेहमानों के ठहरने वाली जगहों पर तैनात किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि वाहन में आग पर तुरंत काबू पाने के तमाम उपकरण मौजूद होंगे। आग लगने की सूरत में होटल के भीतर मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से टाटा-योद्धा वैन तुरंत अपने काम में लग जाएगी। हालांकि मेहमानों के ठहरने से लेकर उनकी बैठकों वाले स्थानों पर कम से कम एक या उससे अधिक दमकल की गाड़ी तैनात रहेगी।
दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जी-20 पूरी दुनिया की नजर भारत खासकर दिल्ली पर होंगी। देश में कई मुल्कों के मेहमान राजधानी में मौजूद होंगे। ऐसे में मेहमान नवाजी के अलावा उनकी सुरक्षा से जुड़े मामलों में कोई चूक न हो इसके लिए पुलिस, अग्निशमन विभाग व दूसरी एजेंसियों ने पूरा दम लगाया हुआ है।
हर तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने भी अपना पूरा दम लगाया हुआ है। जी-20 के दौरान राजधानी के सभी 27 आयोजन स्थलों पर कम से कम एक गाड़ी 24 घंटे तैनात रहेगी। वहां पर आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में स्टाफ तैनात रहेगा। दमकल की गाड़ी को इमरजेंसी के अलावा वहां नहीं हटाया जाएगा।
इसकी मदद से गाड़ियों पर तैनात स्टाफ की शिफ्ट को भी बदला जाएगा। यानि इन गाड़ियों को स्टाफ की मूवमेंट के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। एक या दो दिनों के भीतर गाड़ियां पहुंच जाएंगी। इनको जांच के बाद तैनात कर दिया जाएगा। इन गाड़ियों पर ड्राइवर समेत तीन जवानों का स्टाफ तैनात होगा।
प्रगति मैदान में तैनात होंगे रोबोट...
जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान बैठकों के लिए प्रगति मैदान सबसे बड़ा आयोजन स्थल है। यहां सबसे अधिक कार्यक्रम होने हैं। अग्निशमन विभाग ने आयोजन के लिए बेहद खास इंतजाम किए हैं। यहां पर दमकल की छह गाड़ियों के अलावा रिमोट कंट्रोल से संचालित मिनी रोबोट व बड़े रोबोट को तैनात किया जाएगा।
किसी भी इमरजेंसी के समय यह रोबोट आग पर काबू पाने में अग्निशमन विभाग की खासी मदद करेंगे। प्रगति मैदान के अलावा बाकी दूसरे आयोजन स्थल पर तैनात बाकी स्टाफ को इमरजेंसी के समय स्थिति से निपटने की ट्रेनिंग दे दी गई है। अधिकारी ने बताया कि 30 अगस्त तक अभी को ट्रेंड करने के लिए कहा गया था।