पर्यटक दिल्ली समेत देशभर के संग्रहालयों और स्मारक स्थलों का दीदार सोमवार से कर सकते हैं। रविवार को देर शाम केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों की हुई बैठक के बाद संग्रहालयों और स्मारक स्थलों को खोलने पर सहमति बनी।
केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने 3 जुलाई को ट्वीट कर 6 जुलाई से संग्रहालय और स्मारक स्थलों को खोलने की घोषणा की थी। दिल्ली के लगभग दो दर्जन से अधिक संग्रहालयों और स्मारक स्थलों को देखने के लिए दिन में दो समय निर्धारित किये गए हैं। पहला सुबह 10 बजे और दूसरा शाम 3 बजे।
यहां पर जाने के लिए केवल ऑनलाइन टिकट खरीदने की सुविधा दी गई है। www.asi.paymony.com से ऑनलाइन टिकट खरीदा जा सकता है। ऑनलाइन टिकट बुक करते समय किस समय जाना है यह स्वयं निर्धारित किया जा सकता है।
बगैर मास्क एंट्री नहीं, कई प्रतिबंध भी
संग्रहालय और स्मारक स्थलों के दीदार के दौरान कई प्रतिबंध भी लागू रहेंगे। बिना मास्क के किसी भी पर्यटक को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। संग्रहालय और स्मारक स्थलों के भीतर कई जगहों पर जाने की पाबंदी रहेगी। साथ ही एक निश्चित समय सीमा के भीतर ही अंदर रहने दिया जाएगा। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए एयर कंडीशन बंद रखा जाएगा। लाइट साउंड शो भी आयोजित नहीं किए जाएंगे।