राजधानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके में रेमडेसिविर इंजेक्शन मुहैया कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। समय पर इंजेक्शन नहीं मिलने पर अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई ने ठगी करने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
तुर्कमान गेट निवासी फुरकान खान ने गुरुवार को चांदनी महल थाना में ठगी की शिकायत दी। बताया कि अप्रैल में उसका भाई इरफान खान कोरोना संक्रमित हुआ था। उसे केशोपुर बस डिपो के पास स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 14 अप्रैल को उसकी हालत बिगड़ने लगी तो डॉक्टरों ने रेमडेसिविर के एक इंजेक्शन की जरूरत बताई।
उसने वेबसाइटों पर ऑनलाइन इंजेक्शन की तलाश शुरू की। इंडिया मार्ट साइट पर एक मेडिकल स्टोर में इंजेक्शन होने का पता चला। वहां दिए गए एक फोन नंबर पर फुरकान ने बात की। उसे बताया गया कि तीन घंटे में इंजेक्शन को अस्पताल पहुंचाया जा सकता है, लेकिन व्यक्ति ने पहले ऑनलाइन पेमेंट की शर्त रख दी।
फुरकान ने तुरंत करीब 43 हजार रुपये फोन पे के जरिए उसे पेमेंट कर दिया, लेकिन इंजेक्शन नहीं पहुंचा। इस बीच शाम में उसके भाई का देहांत हो गया। पुलिस को दी शिकायत में फुरकान ने मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जांच में पता चला है कि जिस नंबर पर फोन पे किया गया वह किसी मोहम्मद जलील के नाम पर है।