-तीन की हालत गंभीर, उत्तर-पश्चिम जिले के अशोक विहार इलाके में हुआ हादसा, घायलों का डीडीयू अस्पताल में कराया भर्ती
-पुलिस ने विभिन्न धाराओं में किया मामला दर्ज, सीवर की सफाई करवा रही निजी कंपनी के प्रबंधक से पूछताछ
- बिना सुरक्षा उपकरणों के ही मजदूरों को गहरे सीवर में उतारा गया, बाकी मजदूरों के लिए जा रहे बयान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम जिला के अशोक विहार इलाके में मंगलवार रात गहरे सीवर की सफाई के दौरान चार मजदूर जहरीली गैस के चपेट में आकर कासगंज यूपी निवासी अरविंद (40) की मौत हो गई। वहीं घायल सोनू, नारायण और नरेश की हालत गंभीर बनी हुई है, उनका डीडीयू अस्पताल में उपचार चल रहा है। अशोक विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीवर की सफाई करवा रही बृजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंधक से पूछताछ कर रही है।
उत्तर-पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 11.36 बजे उनकी टीम को हादसे की सूचना मिली। पूछताछ में पता चला कि सफाई के लिए पहले अरविंद नीचे उतरा। उसके अंदर फंसने के बाद एक-एक कर बाकी तीन भी उतरकर फंस गए। वहां से गुजर रहे एनजीओ के लोगों ने स्विगी डिलीवरी ब्वाॅय के साथ मिलकर किसी तरह चारों को सीवर से बाहर निकाला। दो की सांसें थम चुकी थीं। मौके पर उनको सीपीआर देकर नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल भेजा गया, जहां से सभी को डीडीयू अस्पताल रेफर कर दिया गया। अरविंद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सोनू, नारायण और नरेश का इलाज जारी है। नरेश के अलावा बाकी तीनों अरविंद, सोनू और नारायण कासगंज यूपी के रहने वाले हैं।
छानबीन में पता चला कि कुछ समय पूर्व एरिया में स्वाभिमान अपार्टमेंट बना है, सीवर डालने के बाद पिछले कुछ दिनों से सफाई का काम चल रहा था। सफाई बृजगोपाल कंस्ट्रशन कंपनी की ओर से कराया जा रहा था। पुलिस को पता चला है कि सभी मजदूर करोल बाग एरिया में रहते हैं। मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरण दिए रात में ज्यादा पैसों का लालच देकर काम करवाया जा रहा था। पुलिस बाकी मजदूरों के बयान भी दर्ज कर रही है।
लोग बनाते रहे वीडियो
घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग वीडियो बनाते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों को पता चला तो मौके पर पहुंचकर मोबाइल का टॉर्च जलाकर अंदर देख रहे थे, लेकिन कोई उनको बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इस बीच एनजीओ चलाने वाले विनय दास वहां पहुंचे। विनय ने अपने साथी सचिन, राहुल व स्वीगी के डिलीवरी ब्वाय की मदद से अंदर फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला।
बिना सुरक्षा उपकरणों के उतरे सभी मजदूर
मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने उनको रात में लालच देकर काम के लिए बुलाया था। मौके पर मौजूद एक मजदूर ने बताया कि मंगलवार को सीवर ओवर फ्लो हो रहा था। पहले पंप लगाकर उसका पानी निकाला गया। छानबीन के दौरान पता चला है कि सभी मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों के ही सीवर की सफाई के लिए गहरे मैनहोल में उतार दिया गया। उन्हें मॉस्क और ऑक्सीजन सिलिंडर मुहैया नहीं करवाए गए। हादसे के बाद कंपनी के अधिकारी भी वहीं पर मौजूद रहे। लेकिन कोई उनको बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।