विकासपुरी थाना पुलिस ने बड़ौदा बैंक से फर्जी कागजात के जरिए कार के लिए 20 लाख का लोन लेने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने ढाई लाख रुपये नकद, तीन आईफोन, लैपटॉप, फर्जी कागजात के फोटो कॉपी और एक कार बरामद की है। जांच में पता चला कि आरोपियों ने फर्जी कंपनी बनाकर उसके नाम पर लोन लिया। कार खरीदने की बजाए आरोपियों ने एटीएम और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पैसे दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए।
जिला पुलिस उपायुक्त उर्विजा गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धामपुर तहसील बिजनौर यूपी निवासी राजीव, सेक्टर 119 नोएडा यूपी निवासी अजहर खान, शाहदरा दिल्ली निवासी रवि शर्मा और शक्ति रावल के रूप में हुई है। 22 अप्रैल को बैंक ऑफ बड़ौदा के सहायक महाप्रबंधक ने विकासपुरी थाने में ठगी की शिकायत की। शिकायत में बताया कि आरापियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 20 लाख रुपये का लोन लिया है।
जब आरोपियों ने कार का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जमा नहीं करवाए तो बैंक को धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
जांच में पता चला कि आरोपियों को इनकम टैक्स रिटर्न, घर और कार्यालय का पता के आधार पर लोन दिया गया है। लेकिन आरोपियों के दिए सभी कागजात फर्जी हैं। पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाकर उसके नाम से लोन लिया था। पुलिस तकनीकी जांच करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।