हाथों में पोस्टर और थाली-चम्मच लेकर पहुंचे समर्थक
- फोटो : AI
अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति की अवधि बढ़ाने की भी अपील की। हालांकि दीपके की अपील के बाद दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रदर्शन की अनुमति बढ़ाने से इनकार कर दिया है। दीपके ने कहा कि यदि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार सकारात्मक पहल करती है तो बातचीत का रास्ता भी खुल सकता है।
दीपके ने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करें तथा धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को बुलंद करें। जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में पोस्टर तथा थाली चम्मच लेकर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा विवाद, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सीसीटीवी निगरानी तैनात रही। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
प्रदर्शन कर रहे सीजेपी समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि इस प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र भी लिखा था। इस पत्र में उन्होंने छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी। वहीं, सीजेपी लगातार परीक्षा संबंधी मामलों के प्रबंधन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर रही है।
मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के जवान और अर्धसैनिक बल
- फोटो : अमर उजाला
शाम पांच बजे खत्म हुई अनुमति, फिर भी धरने पर डटे प्रदर्शनकारी
दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए प्रशासन की ओर से शाम पांच बजे तक की अनुमति दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हुए हैं। जंतर मंतर पर इस समय सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मौके पर दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात हैं। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से अपील कर रही है कि प्रदर्शन की अनुमति समाप्त हो चुकी है और अब धरना स्थल खाली कर दें। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर मौके पर डटे हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए घोषणा की है कि सीजेपी के प्रदर्शन को शाम पांच बजे के बाद जारी रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू
- फोटो : अमर उजाला
प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस अभी तक मुख्य मंच वाले क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाई है। वहीं अभिजीत दीपके ने कहा कि 'पुलिस मुझे गिरफ्तार करने वाली है। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि यदि मेरी गिरफ्तारी भी हो जाए, तब भी इस शांतिपूर्ण आंदोलन को पूरे देश में रुकने न दें। यह लड़ाई देश की शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य के लिए है।'