एक न्यूज चैनल का स्टेट हेड रह चुका शख्स कारों की चोरी करवाने के बाद उसे सहयोगी की मदद से नेपाल और उत्तर पूर्वी राज्यों में बेच देता था। दक्षिण-पूर्वी जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने आरोपी और दो वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुछ माह पहले लखनऊ में एक न्यू चैनल का स्टेट हेड था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दस कारें, दो ईसीएम सेट, तीन चाबियां व अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी से दस मामले सुलझाने का दावा किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेला निवासी लखविंदर सिंह, अलीपुर निवासी रिजवान और कानपुर रोड, लखनऊ, यूपी निवासी सत्यम गुप्ता के रूप में हुई है। सत्यम गुप्ता खरीदार है। पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे श्रीनिवासपुरी लालबत्ती पर पुलिस टीम ने लाजपत नगर की ओर से आ रही एक कार को रुकवाया। कार में तीन लोग सवार थे।
जांच करने पर पता चला कि कार न्यू फ्रेंडस कॉलोनी इलाके से चोरी हुई थी। पुलिस कार में सवार तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने ओखला मंडी से नौ अन्य कारें बरामद कर ली। लखविंदर ने पुलिस को बताया कि लॉकडाउन से पहलेे वह नरेला के वेल्डिंग दुकान में काम करता था। नौकरी छूटने के बाद वह रिजवान के साथ वाहन चोरी करने लगा। वहीं, रिजवान ने बताया कि लॉकडाउन से पहले वह कार चलाता था। वाहनों की चोरी करने के बाद वह सत्यम गुप्ता को दे देता था।
सत्यम गुप्ता ने बताया कि वह लखनऊ में एफएम न्यूज में काम करता था। चार माह पहले वह न्यू चैनल का स्टेट हेड था। वेतन के मसले पर विवाद होने पर उसने नौकरी छोड़ दी। वह चोरी की कार को अपने एक सहयोगी कुलदीप के जरिये नेपाल और उत्तर- पूर्वी राज्यों में बेच देता है। जांच में पता चला कि सत्यम गुप्ता इसी साल जुलाई माह में लखनऊ में गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है। पुलिस कुलदीप की तलाश कर रही है।