सफदरजंग एयरपोर्ट की आईटी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर सोमवार शाम को आग लग गई। आग एकदम तेजी से फैली गई। इस कारण चार लोग आग में फंस गए। दमकल विभाग व पुलिस ने चारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग पर काबू पाने में लगे दमकल विभाग के दो फायरकर्मी घायल हो गए। देर रात तक आग पर कूलिंग का काम चल रहा था। लोधी कॉलोनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग कैसे लगी थी।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि सफदर एयरपोर्ट की आईटी बिल्डिंग में आग लगने की सूचना 3.40 बजे मिली थी। देखते ही देखते आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। दिल्ली दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की छह गाडिय़ों को भेजा गया था।
एयरपोर्ट ऑथरिर्टी की दो गाड़ियों पर आग पर काबू पाने में लग गई थीं। आग बिल्डिंग के मेन गेट पर लगी थी। इस कारण चार कर्मचारी अंदर फंस गए। दमकलकर्मियों ने बिल्डिंग का शीशा तोड़कर चार कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
शीशा तोडने के कारण दमकल विभाग के दो फायरकर्मी घायल हो गए थे। पहली मंजिल पर आग लगने के कारण आग पर काबू पाने के लिए पोर्टेबल सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया था। घटनास्थल पर लोधी कॉलोनी थानाध्यक्ष प्रफूल्ल झा आदि अधिकारी पहुंच गए थे। देर शाम तक आग के कारणों का पता नहीं लगा था।