उत्तरी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में शनिवार सुबह नामी कंपनी का नकली दूध सप्लाई कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी। जांच के दौरान पता चला कि पूरे इलाके में ही इसी तरह का दूध सप्लाई किया गया था।
पुलिस ने फूड एंड सप्लाई विभाग को सूचना देकर दूध के सैंपल उठवा दिए। सराय रोहिल्ला थाना पुलिस दूध के वितरक से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक शास्त्री नगर निवासी विनोद कुमार पंवार ने पुलिस को मामले की शिकायत दी थी।
विनोद ने बताया कि वह नामी कंपनी का दूध लेकर घर पहुंचे। उनकी पत्नी ने दूध को गर्म किया तो उसमें अजीब तरह की दुर्गंध आ रही थी। विनोद दुकान पर पहुंचा तो बाकी लोग भी दुकानदार से इसी तरह की शिकायत लेकर आए।
बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दूध के वितरक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दूध सोनीपत के प्लांट से आया है।