मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने उद्योग विहार थाना पुलिस के साथ मिलकर अमेरिकी मूल के नागरिकों के साथ ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने बुधवार देर रात 149 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें से पूछताछ के बाद 17 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
11 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि 6 लोगों को पूछताछ के लिए दो दिनों की रिमांड पर लिया गया है। टीम ने मौके से साढ़े 22 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।
डीएसपी मुख्यमंत्री उड़नदस्ता इंद्रजीत यादव ने बताया कि उनके पास सूचना थी कि उद्योग विहार फेज-4 में अवैध कॉल सेंटर चल रहा है। पुलिस टीम ने छापे के बाद आरोपियों को धर दबोचा। ठगी का मास्टरमाइंड गुरुग्राम निवासी हंसराज फरार है।
उड़नदस्ते ने अपनी कार्रवाई के दौरान पाया कि तीन मंजिला साइबिज कॉर्प नामक बिल्डिंग में विगत करीब चार माह से ठगी का यह गोरखधंधा संचालित हो रहा था।
पुलिस टीम ने प्रत्येक तल पर छानबीन की तो प्रथम तल पर 28 लड़के और 13 लड़कियां दूसरे तल पर 47 लड़के 14 लड़कियां और तृतीय तल पर 31 लड़के व 16 लड़कियां काम करते मिले। यह सभी अंग्रेजी में हेडफोन लगाकर अमेरिकी नागरिकों से बात कर रहे थे। ब्यूरो
ऐसे करते थे ठगी
आरोपी अपनी कॉलिंग टीम के साथ मिलकर कॉल जेनरेट करवाकर अमेरिकी नागरिकों को कंप्यूटर के माध्यम से वॉयस मैसेज भेजकर खुद को माइक्रोसॉफ्ट का प्रतिनिधि बताकर टेक्निकल सपोर्ट देने की बात करते थे। बाद में उनको अपने झांसे में लेकर 400 से 1000 डॉलर तक के गिफ्ट कार्ड खरीदवाकर सुपरवाइजर संचालक को देता था। इसकी एवज में उन्हें वेतन के अलावा इनसेंटिव भी दिया जाता था।