नई दिल्ली। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर दधीचि देहदान समिति ने डिफेंस एन्कलेव में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और समिति के राष्ट्रीय संयोजक एडवोकेट आलोक कुमार ने अंगदान को महादान बताते हुए इसे सामाजिक आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दधीचि ऋषि के त्याग से प्रेरणा लेकर देहदान और अंगदान की भावना को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है। एक अंगदाता कई लोगों को जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने लोगों से अंगदान का संकल्प पत्र भरने और अपनी इच्छा परिवार को बताने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा और दधीचि देहदान संस्था का हर परिवार में अंगदान पर चर्चा कराने का संकल्प है ताकि लोगों के मन में दान का भाव जागे। एडवोकेट आलोक कुमार ने कहा कि दधीचि ऋषि के त्याग की परंपरा हमें जीवन के बाद भी समाज के लिए योगदान करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि समिति का लक्ष्य है कि हर घर में अंगदान की चर्चा हो और लोग भ्रम व भय से बाहर निकलकर जीवन बचाने के इस अभियान से जुड़ें। ब्यूरो