दिल्ली की जामा मस्जिद में ईद की नमाज के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। नमाज अदा करने ते बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला कल रात से ही शुरू हो चुका है। आज देश की राजधानी सहित देशभर में ईद मनाई जा रही है।
कल की थी जमकर खरीदारी
पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को कल अलविदा नमाज अदा की गई। लाखों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दोपहर में विभिन्न मस्जिदों में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने देश में शांति एवं अमन चैन बने रहने की दुआ की और पैगंबर हजरत मोहम्मद की हिदायतों पर अमल करने का वादा किया। दूसरी ओर ईद की पूर्व संध्या पर जमकर खरीदारी भी की
पवित्र रमजान माह में 29 दिन से रोजा रख रहे मुस्लिम समुदाय के लोग शुक्रवार की दोपहर अलविदा नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों में पहुंचे। जहां नमाज अदा करने के मद्देनजर विशेष प्रबंध किए गए थे। जामा मस्जिद एवं फतेहपुरी मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। दोनों मस्जिदों में नमाज अता करने के समय से काफी पहले ही नमाजी आने शुरू हो गए थे। ईद उल फितर शनिवार को मनाई जाएगी।
उधर ईद की पूर्व संध्या पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बाजारों में पहुंचकर जमकर खरीदारी की। उन्होंने ईद के अवसर पर पहनने के लिए नए कपड़े खरीदे और खाने का सामना भी खरीदा। इसके चलते पुरानी दिल्ली के अनेक बाजारों में पूरा दिन भीड़ रही।