ऑनलाइन काउंसलिंग में रजिस्ट्रेशन का आज अंतिम दिन
नई दिल्ली। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर, एमफिल व पीएचडी (शोध पाठ्यक्रमों ) में सीट ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से मिलेगी। स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिला लेना है तो ऑनलाइन काउंसलिंग का बुधवार को आखिरी मौका है। एमफिल व पीएचडी में छात्र 15 जुलाई तक विवि की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूसईटी) 2019 के नोडल अधिकारी डॉ. फूल सिंह और सुंदर लाल शर्मा के मुताबिक, जिन छात्रों ने पहले प्रवेश परीक्षा दी है वे ही मेरिट के आधार पर ऑनलाइन काउंसलिंग में रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऑनलाइन काउंसलिंग के आधार पर सीट अलॉटमेंट की पहली सूची 8 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। 8 से 10 जुलाई तक छात्र ऑनलाइन फीस जमा कराकर दाखिला ले सकेंगे। यदि कोई सीट खाली रहती है तो फिर दूसरी कटऑफ 12 और 17 जुलाई को आएगी।
एमफिल व पीएचडी प्रोग्राम में सीयूसीईटी-2019 परीक्षा में क्वालिफाइड व परीक्षा से छूट प्राप्त विद्यार्थियों (जिन्होंने काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा रखा है) उनकी सूची 18 जुलाई को अपलोड होगी। एमफिल प्रोग्राम में साक्षात्कार 5 अगस्त को होगा। चयनित छात्रों को 5 से 6 अगस्त तक ऑनलाइन दाखिला फीस जमा करते हुए दाखिला लेना होगा। पीएचडी प्रोग्राम में साक्षात्कार 7 अगस्त को होगा। प्रवेश सूची में स्थान पाने वाले शोधार्थी 8 व 9 अगस्त शाम 4:00 बजे तक फीस जमा कर दाखिला ले सकेंगे।