संबित पात्रा की प्रेस कांफ्रेस के बाद बोले मनीष सिसोदिया- उन्हें सिर्फ केजरीवाल को गाली देने के लिए बिठाया गया था। भाजपा को न तो वैक्सीन की चिंता है न ही तीसरी लहर की।
देश में कोरोना संक्रमण के खतरे, तीसरी लहर की संभावना और वैक्सीन की किल्लत के बीच दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि भाजपा को न तो वैक्सीन की चिंता है न ही तीसरी लहर की।
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के आज के प्रेस कांफ्रेस के बारे में सिसोदिया ने कहा कि देश सोच रहा था कि पात्रा फाइजर और मॉडर्ना की वैक्सीन लेकर आएंगे और बच्चों को वैक्सीन लगाने का प्लान बताएंगे।
लेकिन भाजपा ने उन्हें केवल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गाली देने के लिए बिठाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोरोना प्रबंधन को लेकर न विजन है न क्षमता। देश पूछ रहा है 36 हजार करोड़ रुपये की वैक्सीन कहां है? हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेशों में कितने में बेच दी? वैक्सीन बने हुए आठ महीने हो गए, फिर भी देश में अब तक उपलब्ध क्यों नहीं हुए? भाजपा केजरीवाल को गाली देकर पतली गली से नहीं भाग सकती।