डीयू की कंपनी का नाम होगा यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली फाउंडेशन
-नाम बदलने का प्रस्ताव शुक्रवार को कार्यकारी परिषद की बैठक में लाया जा रहा
-परिषद सदस्य कंपनी बनाए जाने के फैसले पर लगातार विरोध जता रहे हैं, बैठक हंगामेदार होने के आसार
-बैठक में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के तीसरे सेमेस्टर के पाठ्यक्रम पर भी लगेगी मुहर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से बनाई गई कंपनी फ्रेंच ऑफ डीयू फाउंडेशन का नाम बदला जाएगा। विवि प्रशासन इस कंपनी का नाम यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली फाउंडेशन करने जा रहा है। इस आशय का प्रस्ताव शुक्रवार को होने वाली डीयू कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में लाया जा रहा है। कंपनी बनाए जाने को लेकर पहले से ही परिषद सदस्य विरोध जताते आ रहे हैं। अब शुक्रवार को बैठक में एक बार फिर से हंगामा होने के आसार हैं। बैठक में यूजी के चार वर्षीय के तीसरे सेमेस्टर के पाठ्यक्रम पर मुहर लगेगी।
कार्यकारी परिषद से जुड़े एक सदस्य ने बताया कि इससे पहले हुई बैठक में इस कंपनी के प्रस्ताव को फ्रेंच ऑफ डीयू फाउंडेशन के नाम से लाया गया था। तब भी विवि प्रशासन इसे रिपोर्टिग आइटम के रूप में लेकर आया था। अब शुक्रवार की ईसी की बैठक मेंं इस कंंपनी का नाम बदलने का प्रस्ताव रिपोर्टिग आइटम के रूप में लाया जा रहा है। इस कंपनी को पचास लाख का फंड यूनिवर्सिटी डेवलेपमेंट फंड से दिया जाएगा। कुलपति और कुल सचिव ही दो शेयर होल्डर होंगे।
पिछली बैठक में भी सदस्यों ने कंपनी के प्रस्ताव पर लिखित असहमति दी थी। सदस्यों के अनुसार हमारी आपत्ति इस कंपनी की प्रकृति को लेकर है। नाम बदलने से भी इसकी प्रकृति नहीं बदलेगी। इस प्रस्ताव से निजीकरण और शिक्षा के व्यवसायीकरण को बढ़ावा मिलेगा। वहीं अकादमिक काउंसिल की बैठक में मंंजूरी पाए यूजी पीजी के तीसरे सेमेस्टर के पाठ्यक्रम को पास कराने के लिए रखा जाएगा।