नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अब नॉर्थ व साउथ कैंपस में मिलने वाली सुविधाएं दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए डीयू ने कैंपस विस्तार के तहत नजफगढ़ के रोशनपुरा, साउथ एक्सटेंशन, शाहबाद डेयरी व पूर्वी कैंपस (सूरजमल विहार) में चार सुविधा केंद्र शुरू करने योजना बनाई है।
इस योजना को अमली जामा पहनाया जा सका तो पूर्वी कैंपस में नॉर्थ कैंपस स्थित लॉ फैकल्टी और स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग को शिफ्ट कर दिया जाएगा। डीयू का मानना है कि इससे नॉर्थ कैंपस आने वाले विद्यार्थियों की भीड़ कम होगी।
डीयू के कार्यवाहक कुलपति प्रो पीसी जोशी ने बताया कि छात्रों को सुविधाएं देने के लिए दिल्ली के चार अलग-अलग इलाकों में यह सुविधा केंद्र खोले जाएंगे। सूरजमल विहार में तैयार होने वाले पूर्वी दिल्ली कैंपस में लॉ फैकल्टी और एसओएल को शिफ्ट किए जाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो नॉर्थ कैंपस में जो भीड़ होती है उसमें कमी आएगी। इससे छात्रों को अपने एरिया के पास ही डीयू के नॉर्थ कैंपस में मिलने वाली सुविधाएं मिल जाएंगी। इस तरह से उसे नॉर्थ कैंपस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सूरजमल विहार में डीयू के पास 15.24 एकड़ जमीन है, जिस पर नया कैंपस बनाया जाएगा। वहीं यह सुविधा केंद्र खोला जाएगा। डीयू का मानना है कि कई सुविधाओं को लेने के लिए विद्यार्थियों को नॉर्थ कैंपस और साउथ कैंपस आना पड़ता है। लेकिन यह चार सुविधा केंद्र खुलने पर उन्हें काफी सहूलियत हो जाएगी। साउथ एक्सटेंशन स्थित जमीन डीयू को वर्ष 1970 में पंडित मदन मोहन कौल ने दान में दी थी।
उम्मीद है कि अगले माह तक यहां सेंटर कार्य करना शुरू कर देगा। वहीं नजफगढ़ स्थित रोशनपुरा में भी सुविधा केंद्र खोला जाना है। इससे पश्चिमी, दक्षिणी व बाहरी दिल्ली के छात्रों को काफी सहूलियत हो जाएगी। रोशनपुरा गांव में डीयू के पास 16.35 एकड़ जमीन है। इसी तरह से शाहबाद डेयरी में भी डीयू के पास जमीन है। वहां सुविधा केंद्र खोलने के साथ-साथ एक एग्रीकल्चर सेंटर बनाने की भी योजना है।
इन सुविधा केंद्रों पर विद्यार्थी फीस, दस्तावेज सत्यापन, परीक्षा फॉर्म में गलती सुधारने, डिग्री प्राप्त करने, प्रोविजनल डिग्री लेने जैसे कई कार्य करवा सकेंगे।