खाली सीटों को भरने के लिए शुरू होगी प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के बीटेक में दाखिले का एक और मौका आज से मिलने जा रहा है। खाली सीटों को भरने के लिए मिड-एंट्री प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू होगी। नए छात्र 14 अगस्त की शाम 4:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 17 अगस्त को दूसरा स्पॉट राउंड जारी होगा। छात्रों को आवंटित सीट स्वीकार करने के लिए 19 अगस्त की शाम 4:59 बजे तक का समय मिलेगा।
बीटेक कंप्यूटर साइंस की सभी सीटें फुल हो चुकी हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स में 17 और इलेक्ट्रिकल में सबसे ज्यादा 71 सीटें खाली हैं। पीडब्ल्यूडी श्रेणी में भी दो सीटें उपलब्ध हैं। ऐसे में खाली सीटों पर दाखिले के इच्छुक छात्रों के लिए स्पॉट राउंड अहम होगा।
एक वर्षीय पीजी में सीट मिली तो 15 तक करनी होगी स्वीकार
डीयू के एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम में एमए, एमएससी और एमकॉम समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के पहले और दूसरे राउंड का सीट आवंटन 12 अगस्त को जारी किया गया। छात्रों को आवंटित सीट को 15 अगस्त की रात 11:59 बजे तक स्वीकार करना होगा। विभाग 17 अगस्त तक छात्रों के दस्तावेजों की जांच करेंगे और 18 अगस्त की रात 11:59 बजे तक फीस जमा की जा सकेगी।
दो वर्षीय पीजी में कल से स्पॉट राउंड-2
दो वर्षीय पीजी प्रोग्रामों में स्पॉट राउंड-2 के लिए 14 अगस्त को खाली सीटों की सूची जारी होगी। जिन छात्रों को अभी तक किसी प्रोग्राम में दाखिला नहीं मिला है, वे 14 से 16 अगस्त के बीच डैशबोर्ड से आवेदन कर सकेंगे। सीट आवंटन 19 अगस्त को होगा और 20 अगस्त की शाम 4:59 बजे तक सीट स्वीकार करनी होगी। विभाग दस्तावेजों का सत्यापन 22 अगस्त तक करेंगे, जबकि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 23 अगस्त की शाम 4:59 बजे है। डीयू ने पहले से दाखिला ले चुके छात्रों के लिए भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। ऐसे छात्रों के डैशबोर्ड 13 अगस्त की रात 11:59 बजे के बाद फ्रीज हो जाएंगे। इसके बाद वे दाखिला वापस नहीं ले सकेंगे। वहीं, पहले स्पॉट राउंड में सीट मिलने के बावजूद फीस जमा नहीं करने वाले छात्र दूसरे स्पॉट राउंड में शामिल नहीं हो पाएंगे।