नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय की सर्वोच्च संस्था कार्यकारी परिषद (ईसी) व विद्वत परिषद (एसी) के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव संपन्न हो गए। कॉलेजों में शिक्षकों ने वोट डालने के लिए सुबह 10 बजे से ही आना शुरू कर दिया था हालांकि वोट डालने का समय 10.30 बजे से था। कहीं भी ऐसा नहीं लग रहा था कि कोरोना के कारण शिक्षक कॉलेज नहीं आएंगे। अब शनिवार से आर्ट्स फैकल्टी में मतगणना होगी जिसके बाद रिजल्ट आने शुरू हो जाएंगे। पूरे रिजल्ट रविवार तक आने की संभावना है।
डीटीए प्रभारी हंसराज सुमन ने बताया है कि उनके पोलिंग बूथ श्री अरबिंदो कॉलेज में दोपहर एक बजे तक 60 फीसदी शिक्षक अपना वोट डाल चुके थे। दोपहर के बाद सांध्य कॉलेज के शिक्षकों ने आना शुरू किया। उन्होंने बताया है कि अरबिंदो कॉलेज में 198 वोटों में से 186 वोट पड़ीं यानी 94 फीसदी वोट ईसी-एसी चुनाव में पड़े हैं।
विद्वत परिषद में 26 सदस्यों के लिए चुनाव होता है जिसमें महिला कोटा, डिपार्टमेंट कोटा व प्रोफेशनल कोटे के अंतर्गत 9 सदस्यों को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। अब बाकी के सदस्यों का चुनाव मतगणना के आधार पर होगा। सांध्य कॉलेजों में शाम 3:30 बजे के बाद ज्यादातर शिक्षकों ने अपने वोट का प्रयोग किया।
जानकारी के अनुसार दयाल सिंह मॉर्निंग व ईवनिंग कॉलेज मेें 336 में से 296, मोतीलाल कॉलेज में 400 में से 290, महाराजा अग्रसेन कॉलेज में 234 में से 222, हंसराज में 182 में से 158, आर्यभट्ट में 400 में 345, श्याम लाल ईवनिंग व मॉर्निंग कॉलेज में 180 में से 166, भीमराव अंबेडकर कॉलेज में 122 में 107, कालिंदी में 186 में से 167, आर्ट्स फैकल्टी में 694 में से 475, दौलत राम कॉलेज में 389 में से 267, आईपी कॉलेज में 154 में से 108, देशबंधु कॉलेज में 432 वोट में से 375, एसआरसीसी में 130 में से 113, रामजस में 240 में से 182, पीजीडीएवी में 548 में से 492 वोट पड़े।