सर्दियों के आने से पहले दिल्ली के मौसम में उतार-चढ़ाव दिख रहा है। तेज धूप निकलने से दिन का तापमान औसत से अधिक दर्ज हो रहा है वहीं रात के तापमान ने ठंड का अहसास कराना शुरू कर दिया है।
तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण शुक्रवार जारी माह का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं नजफगढ़, पीतमपुरा, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स जैसे इलाकों में पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी 10 अक्तूबर तक मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिलेंगे।
अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा। जहां अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री के आसपास रहने व न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।