दिल्ली-एनसीआर का सप्ताह का पहला दिन शीत लहर के साथ शुरू हुआ। इस मौसम में पहली बार दिल्ली 3.2 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर ठिठुरती रही। सफदरजंग मौसम मानक केंद्र पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। दूसरी तरफ जाफरपुर में सामान्य से छ: डिग्री कम 2.9 डिग्री सेल्सियस और लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस साल दिसंबर के महीने में इतने कम न्यूनतम तापमान के साथ शीत लहर की घोषणा की। दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप मंगलवार रात तक जारी रहेगा।
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान समान्य से एक डिग्री कम 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि रविवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मंगलवार के बाद से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरु होगी और रविवार तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार 22 दिसंबर से दो पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति धीमी होने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। मालूम हो कि मौसम विभाग न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने पर शीत लहर की घोषणा करता है। मौसम विभाग केअनुसार पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़, राजस्थान के कई शहरों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। जिन शहरों में तापमान दो डिग्री से कम दर्ज किया गया वहां भीष्ण शीत लहर घोषित की गई।
मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत केकुछ हिस्सों में 20-21 दिसंबर को गंभीर शीत लहर की भविष्यवाणी की थी। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार की तरह सोमवार को भी कड़ाके की ठंड का कहर जारी रहा। जहां राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री, हिसार में 0.2 डिग्री, नारनौल में 1.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने पर शीत लहर की घोषणा करता है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होने और सामान्य से 4.5 डिग्री कम होने पर भी शीत लहर घोषित की जाती है। गंभीर शीत लहर तब होती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम या उसके बराबर हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो तो उसे ठंडा दिन कहा जाता है।
22 से 25 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो पश्चिमी विक्षोभ के असर और उत्तर पश्चिमी हवाओं की रफ्तार धीमी होने से 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 23 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने और 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने का अनुमान है। 23 दिसंबर से घना कोहरा पड़ने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने लगाया है।
मैदानी इलाकों में शीत लहर
मौसम विभाग के मुताबिक, मैदानी इलाकों में अगर शहर के मानक स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और यह सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री से लेकर 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो तो ये स्थिति शीत लहर कहलाएगी। इसके अलावा अगर न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज हो तब भी शीत लहर मानी जाती है। इसके अलावा अगर न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से कम चल जाए तो उसे गंभीर स्तर की शीत लहर माना जाता है।
शीत लहर वाले इलाके
दिल्ली (लोदी रोड) 3.1 डिग्री सेल्सियस(सामान्य से 3.9 डिग्री कम)
दिल्ली (सफरदरजंग) 3.2 डिग्री सेल्सियस(सामान्य से 4.8 डिग्री कम)
दिल्ली (जाफरपुर) 2.9 डिग्री सेल्सियस
हिसार 0.2 डिग्री सेल्सियस(सामान्य से 7.7 डिग्री कम)
नारनौल 1.3 डिग्री सेल्सियस(सामान्य से 4.6 डिग्री कम)
भिवानी 2.5 डिग्री सेल्सियस
रोहतक 2.6 डिग्री सेल्सियस
सीकर 0.5 डिग्री सेल्सियस
पूर्वानुमान: आसमान साफ रहेगा, हल्की धुंध रहने की संभावना है।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान-21.0 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान-3.2 डिग्री सेल्सियस
21 दिसंबर को सूर्यास्त: शाम 5 बजकर 29 मिनट
22 दिसंबर को सूर्योदय: सुबह 7 बजकर 10 मिनट