उपराज्यपाल के सदन को बताया कि दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार के साथ मिलकर संसाधन जुटाए और दिल्ली के नागरिकों के हित में काम किया। 18 वर्ष से अधिक उम्र के 90 प्रतिशत लोगों को टीके लग चुके हैं। मेडिकल ऑक्सीजन प्रोडक्शन प्रमोशन पॉलिसी ऑफ दिल्ली-2021 को अधिसूचित किया गया है। स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रख क्यू आर कोड वाला ई-हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग के साथ मिलकर सरकारी स्कूलों में स्वास्थ्य क्लिनिक खोलने की रूपरेखा तैयार की है। संसाधनों की कमी के बावजूद समाज कल्याण में कटौती नहीं की गई। दिल्ली पेंशन स्कीम के तहत पीड़ित महिलाओं को ढाई हजार रुपये का आर्थिक सहायता बेटियों की शादी के लिए एकमुश्त 30 हजार रुपया अनुदान राशि जरूरतमंदों को दी जाती है।
महामारी के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम : उपराज्यपाल ने कहा कि महामारी के बावजूद शिक्षा के ढांचे, नीतिगत निर्णयों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने का प्रयास किया गया। 10वीं व 12वीं कक्षाओं में पास प्रतिशत में क्रमिक बढ़ोतरी हुई है। सफलता दर 10 वीं में 97.52 प्रतिशत व 12वीं में 99.84 प्रतिशत रहा। सरकारी स्कूल के 496 छात्रों ने एनआईटी में और 384 छात्रों ने आईआईटी में सफलता प्राप्त की। दिल्ली स्कूल शिक्षा बोर्ड का गठन व स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सिलेंस की शुरुआत की गई।
लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिला : दिल्ली सरकार ने लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा दे रही है। ई-बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे 10 नये रूट पर चलाया जाएगा। 100 बसों में से 25 चालू की गई है। 75 बसें जल्द बेड़े में शामिल होंगी।
एमसीडी चुनाव टलने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। तंज कसते हुए केजरीवाल ने कहा कि भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन एमसीडी में हार के डर से छोटी सी आम आदमी पार्टी (आप) से घबराकर भाग गई। सीएम ने चुनौती दी कि भाजपा में अगर हिम्मत है, तो एमसीडी चुनाव समय पर कराकर और जीत कर दिखाए। ऐसा होने की सूरत में उन्होंने राजनीति छोड़ देने की बात कही।
केजरीवाल बुधवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। केजरीवाल का आरोप है कि भाजपा हार से बचने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग पर दबाव डालकर चुनाव टलवा दिया। उन्होंने दावा किया कि इस बार निगम चुनाव में भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। इसी डर से एक संशोधन के जरिये केंद्र चुनाव को महीनों के लिए टालने जा रहा है। उनका सवाल था कि अगर इस देश के अंदर चुनाव ही टल गए, तो क्या जनतंत्र बचेगा और जनता की आवाज बचेगी?
केजरीवाल ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव तीनों को आज ही के दिन फांसी पर लटकाया गया था। देश के शहीदों ने अंग्रेजों को भगाकर जनतंत्र कायम करने के लिए कुर्बानियां दी थीं। लेकिन भाजपा चुनाव को ही टाल रही है। भाजपा का दिल्ली नगर निगम का चुनाव टालना शहीदों का अपमान है। उन्होंने इस दिन के लिए फांसी पर नहीं चढ़ा था कि एक सरकार आएगी और इस देश के अंदर से चुनाव ही खत्म कर देगी। जनता को अपनी सरकार चुनने का बुनियादी अधिकार है।
हार की वजह से चुनाव टालने की कोशिश
केजरीवाल ने बताया कि चुनाव टालने के पीछे भाजपा की दलील तीनों निगमों को एक करने की है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा हार के डर से दिल्ली नगर निगम के चुनाव टाल रही है। कल को वह गुजरात हार रही होगी तो कहेगी हम गुजरात और महाराष्ट्र को एक कर रहे हैं, इसलिए चुनाव मत कराओ। अगली बार लोकसभा के चुनाव में भाजपा हार रही होगी, तो केंद्रीय चुनाव आयोग को एक चिट्ठी लिख देगी कि हम तो संसदीय प्रणाली की जगह राष्ट्रपति प्रणाली लाने जा रहे हैं इसलिए चुनाव मत कराओ। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से अपील की कि कल प्रधानमंत्री रहेंगे या नहीं रहेंगे, केजरीवाल रहेगा या नहीं रहेगा, यह जरूरी नहीं है, यह देश बचना चाहिए। चुनाव रोकना कहीं से भी ठीक नहीं है।
दिल्ली विधानसभा के बजट अधिवेशन में उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भाजपा विधायकों ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को दिल्ली में टैक्स फ्री करने का मुद्दा उठाया। उधर, उपराज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने विपक्ष के रवैये की कड़ी आलोचना की। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत बर्दास्त नहीं जाएगी। भाजपा विधायकों ने सत्तापक्ष की ओर से दिल्ली विधानसभा में सिर्फ पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर बधाई देनेेे पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि चार राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है। इस कारण खुले दिल का परिचय देते हुए उन्हें भी बधाई दी जानी चाहिए।
चुनाव, जनता का सामना करने से बच रही भाजपा : सिसोदिया
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा को तुरंत चुनाव कराने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि एमसीडी का एकीकरण तो केवल बहाना है, असल में भाजपा चुनाव और जनता का सामना करने से बच रही है। लेकिन एक बात तय है कि चाहे एक निगम हो या तीन, इस बार एमसीडी में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खुली चुनौती देते हुए कहा है कि यदि में भाजपा में हिम्मत है, तो चुनाव करवा कर दिखाएं। भाजपा पिछले 17 साल से दिल्ली नगर निगम की सत्ता में काबिज है, इस बीच निगम एकीकृत भी रहा और तीन हिस्सों में भी बंटा है, लेकिन भाजपा ने केवल यहां भ्रष्टाचार फैलाने का काम किया है।
मनीष सिसोदिया ने कहा है कि दिल्ली की जनता एमसीडी में भाजपा के भ्रष्टाचार से त्रस्त है। भाजपा से न तो सफाई व्यवस्था संभाली जा रही है, न ही अपने स्कूल व स्वास्थ्य केंद्र चलाए जा रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा में बुधवार को शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के अलावा स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी ने सभी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सपने आजादी के 70 साल बाद भी पूरे नहीं हुए। अब आप सरकार ने इनके सपनों को पूरे करने शुरू कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के साथ-साथ पंजाब की आप सरकार ने सभी दफ्तरों में बाबा साहब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह अपने सभी दफ्तरों के अंदर बाबा साहब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगवाएं। इससे पहले शहीदी दिवस के अवसर पर उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी मंत्रियों और विधायकों ने विधानसभा परिसर में शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन पर मुख्यमंत्री ने जताया खेेद
शहीद दिवस के मौके पर विधानसभा में शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेेव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खेद जताना पड़ता।
दरअसल नेता प्रतिपक्ष रामवीर विधूड़ी ने कहा कि दिल्ली सरकार के विज्ञापन में भगत सिंह के साथ राजगुरु और सुखदेव की तस्वीर भी होनी चाहिए थी। इस पर मुख्यमंत्री ने खेद जताते हुए कहा कि भविष्य में विज्ञापन में तीनों शहीदों की तस्वीरें होंगी।